विनेश फोगाट ने एशियन गेम्स के लिए ठोकी दावेदारी, ट्रायल में ज्योति के बाद निशु को दी मात

Author Ritu Raj
Updated:
विज्ञापन

मुकाबला जीतने के बाद विनेश फोगाट

Vinesh Phogat: ओलिंपियन पहलवान विनेश फोगाट ने एशियन गेम्स ट्रायल्स में जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है. 53 किलोग्राम भार वर्ग के अपने पहले मुकाबले में उन्होंने हरियाणा की ही ज्योति को 7-1 से करारी शिकस्त दी.

विज्ञापन

Vinesh Phogat: अनुभवी पहलवान और ओलंपियन विनेश फोगाट ने शनिवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में निशु के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला जीतकर, एशियन गेम्स 2026 के सिलेक्शन ट्रायल्स में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा. विनेश फोगाट ने हरियाणा की निशु के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला 7-6 से जीता. इससे पहले फोगाट ने अपने पहले मैच में हरियाणा की ज्योति को 7-1 के बड़े अंतर से हराया था.

विज्ञापन

53 किलोग्राम भार वर्ग में लगातार दो मुकाबले जीतकर विनेश फोगाट ने आगामी एशियन गेम्स के लिए भारतीय कुश्ती टीम में अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है. ट्रायल्स में उनका लगातार शानदार प्रदर्शन उनके अनुभव, तकनीक और बेहतरीन फॉर्म को दर्शाता है. इसी वजह से वह एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने की सबसे प्रबल दावेदारों में शामिल हैं.

विनेश बोलीं- ‘अब किसी पर भरोसा नहीं’

विनेश के लिए शनिवार की सुबह आसान नहीं रही. दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम पहुंचने पर एंट्री को लेकर विनेश और उनके पति सोमवीर राठी की सुरक्षाकर्मियों से तीखी बहस हुई. हालांकि, बाद में औपचारिकताएं पूरी होने पर उन्हें अंदर जाने दिया गया. इस घटना के बाद विनेश ने मीडिया से अपना दर्द साझा करते हुए कहा, “अब मुझे किसी पर विश्वास नहीं है, इसलिए मैं अपनी डाइट भी अपने साथ लेकर आई हूं.”

WFI ने दी हरी झंडी

विनेश का यह ट्रायल एक बड़ी कानूनी जीत के बाद मुमकिन हो सका. दरअसल, रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) ने विनेश का ट्रायल रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाई थी, जिसे जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक आराधे की बेंच ने खारिज कर दिया. इसके बाद WFI ने बयान जारी कर बताया कि विनेश समेत सभी योग्य पहलवान वेट-इन के लिए उपस्थित हुए. जरूरी शर्तें पूरी करने के बाद उन्हें ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति दी गई. दिलचस्प बात यह है कि इसी 53 किलो वेट कैटेगरी में रेलवे की स्टार पहलवान अंतिम पंघाल भी चुनौती पेश कर रही हैं.

वजन-माप के दौरान बड़ा विवाद

शनिवार सुबह जब विनेश फोगाट 53 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लेने के लिए वजन-माप (वेट-इन) कराने पहुंचीं, तो वहां नया बखेड़ा खड़ा हो गया. अधिकारियों ने विनेश को अचानक सूचित किया कि उन्हें केवल 50 किलोग्राम वर्ग में ही प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति दी जाएगी. इसके पीछे तर्क दिया गया कि पेरिस ओलंपिक सहित उनकी पिछली चार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं इसी 50kg भार वर्ग में थीं. विनेश ने इस फैसले पर कड़ा विरोध जताया और महासंघ पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्हें उनकी पसंद के भार वर्ग (53kg) में उतरने से रोककर उनके साथ जानबूझकर भेदभाव किया जा रहा है. जब विवाद बहुत ज्यादा बढ़ गया, तो रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष संजय सिंह ने खुद इस मामले में दखल दिया. उनके हस्तक्षेप के बाद आखिरकार विनेश को उनके पसंदीदा 53 किलो वर्ग के ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति दे दी गई.

यह भी पढ़े- बीच मैच में वैभव सूर्यवंशी पर फूटा रियान पराग का गुस्सा, मैच के बाद कही यह बड़ी बात

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola