श्रीलंका सीरीज के लिए सरफराज खान की टेस्ट टीम में वापसी, चोटिल साई सुदर्शन की जगह लेंगे

Updated:
विज्ञापन

सरफराज खान (फोटो—एक्स)

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम में एक बड़ा बदलाव हुआ है. दाएं पैर के अंगूठे में चोट के कारण बी साई सुदर्शन पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान को टीम में शामिल किया गया है.

विज्ञापन

Sarfaraz Khan: श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव हुआ है. दाएं पैर के अंगूठे में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण बल्लेबाज बी साई सुदर्शन पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह चयन समिति ने मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान को टीम में शामिल किया है. सरफराज अब कोलंबो में भारतीय टीम से जुड़ेंगे, जहां से टीम पहले टेस्ट के लिए गॉल रवाना होगी. सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से खेला जाना है.

2024 के बाद टीम में लौटे सरफराज

साई सुदर्शन के स्थान पर शामिल किए गए सरफराज खान के लिए यह टेस्ट टीम में वापसी का मौका है. सरफराज ने 2024 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था और अब तक छह टेस्ट मैचों में 371 रन बनाए हैं. उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक हैं. वह आखिरी बार 2024 में ही टेस्ट क्रिकेट खेलते नजर आए थे.

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थे टीम का हिस्सा

सरफराज को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 2024-25 में भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली थी, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. इसके बाद वह इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किए गए थे. अब साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद एक बार फिर उन्हें टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाने का मौका मिला है.

हर स्थिति पर मेडिकल टीम की नजर

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार को साई सुदर्शन की चोट को लेकर जानकारी दी. बोर्ड ने बताया कि साई बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं और उनकी रिकवरी में काफी सुधार हुआ है. हालांकि, मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. इसके बावजूद वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे.

Also Read: वार्म-अप मैच के आखिरी ओवर में 3 छक्के जड़कर सिराज ने दिलाई भारत को जीत, श्रीलंका XI को 6 विकेट से हराया


रणजी में रहा है शानदार रिकॉर्ड

View on Instagram

घरेलू क्रिकेट में भी सरफराज का रिकॉर्ड शानदार रहा है. 2025 रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने मुंबई के लिए सात मैचों में 429 रन बनाए थे और टीम के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे. इस दौरान उनका औसत 53.62 रहा. 50 से ज्यादा प्रथम श्रेणी पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों में सरफराज का 64.73 का करियर औसत बेहद प्रभावशाली है.

15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर होगा. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है.

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकिब नबी, सरफराज खान.

Also Read: वैभव सूर्यवंंशी की उम्र को लेकर क्या बोल गए ब्रेट ली, जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान


विज्ञापन
अभिजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola