सुनील छेत्री ने कहा, एशियाई कप फुटबॉल में भारत को हराना आसान नहीं

Updated at : 02 Jan 2019 5:20 PM (IST)
विज्ञापन
सुनील छेत्री ने कहा, एशियाई कप फुटबॉल में भारत को हराना आसान नहीं

अबुधाबी : करिश्माई कप्तान सुनील छेत्री ने कहा कि हाल में चीन और ओमान से खेले गये ड्रॉ को देखते हुए शनिवार से शुरू होने वाले एशियाई कप फुटबॉल टूनामेंट में भारतीय टीम को हराना काफी मुश्किल होगा. महाद्वीपीय टूर्नामेंट एशियाई कप पांच जनवरी से एक फरवरी तक संयुक्त अरब अमीरात के चार शहरों में […]

विज्ञापन

अबुधाबी : करिश्माई कप्तान सुनील छेत्री ने कहा कि हाल में चीन और ओमान से खेले गये ड्रॉ को देखते हुए शनिवार से शुरू होने वाले एशियाई कप फुटबॉल टूनामेंट में भारतीय टीम को हराना काफी मुश्किल होगा.

महाद्वीपीय टूर्नामेंट एशियाई कप पांच जनवरी से एक फरवरी तक संयुक्त अरब अमीरात के चार शहरों में खेला जायेगा. भारत को ग्रुप ए में थाईलैंड, बहरीन और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के साथ रखा गया है. टीम रविवार को यहां थाईलैंड के खिलाफ पहला मैच खेलेगी जिसके बाद उसका मुकाबला संयुक्त अरब अमीरात (अबुधाबी में) और बहरीन से (शारजाह में) क्रमश: 10 और 14 जनवरी को होगा. एशिया में 15वीं रैंकिंग पर काबिज भारत ने एशिया कप की तैयारियों के अंतर्गत तीन बेहतरीन टीमों चीन, ओमान और जोर्डन के खिलाफ मुकाबले खेले.

स्टीफन कांस्टेनटाइन की टीम ने चीन और ओमान से गोल रहित ड्रॉ खेला जबकि जोर्डन से 1-2 से हार गयी. चीन (76) और ओमान (82) की टीमें भारत (97) से ऊंची रैंकिंग पर काबिज हैं जबकि जोर्डन उससे कुछ पायदान नीचे 109वें स्थान पर है. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की वेबसाइट पर छेत्री ने कहा, मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि जो टीमें हमसे भिड़ेंगी, उनके लिये हमारा सामना करना आसान नहीं होगा.

हमारी टीम ऐसी है जो हारने से चिढ़ती है और हमने हाल के दिनों में इसे साबित भी किया है. हम योजना के अनुसार काम कर रहे हैं. छेत्री एकमात्र भारतीय हैं जो दो एशियाई कप टूर्नामेंट में भाग लेंगे. उन्होंने कहा, हम सभी अभी काफी रोमांचित और उत्साहित हैं. मेरे और गुरप्रीत सिंह संधू के अलावा अन्य सभी के लिये यह पहली बार का अनुभव है. हर कोई एशियाई कप में खेलने का यह मौका हासिल करने के लिये तैयार है.

इसे भी पढ़ें…

सेरेना के जज्‍बे को सलाम, बेटी को गोद में लेकर कर रही हैं मैच प्रैक्टिस – तसवीरें वायरल

चौंतीस वर्षीय छेत्री उस भारतीय टीम का हिस्सा थे जो दोहा में 2011 चरण में खेली थी जिसमें टीम ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया और बहरीन के खिलाफ अपने सभी ग्रुप मैच हार गयी थी. गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू भी 2011 में टीम में थे, लेकिन वे कोई मैच नहीं खेले थे. अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 65 गोल से सबसे ज्यादा गोल करने वाले भारतीय फुटबॉलर छेत्री ने कहा कि टीम अभी सिर्फ थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले पर ध्यान लगाये है और इसके अलावा किसी अन्य चीज के बारे में नहीं सोच रही है.

उन्होंने कहा, इस समय, हमारा ध्यान सिर्फ थाईलैंड के खिलाफ शुरुआती मैच पर लगा है. हम इसके अलावा किसी अन्य चीज के बारे में नहीं सोच रहे हैं. हां, हमें संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन के खिलाफ भी मैच खेलने हैं, लेकिन हम उनके बारे में तभी सोचेंगे जब हम उनसे खेलेंगे.

छेत्री ने कहा, इस समय हम जानते हैं कि थाईलैंड की टीम काफी मुश्किल प्रतिद्वंद्वी होगी और हम सिर्फ उन्हीं पर ध्यान लगाये हैं. छेत्री एशिया कप के दौरान भारत की ओर से मैच खेलने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान बाईचुंग भूटिया के रिकार्ड की बराबरी भी कर लेंगे. वह अभी तक 104 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और भूटिया के 107 मैच के रिकार्ड से केवल तीन मुकाबले दूर हैं, लेकिन छेत्री ने कहा कि वह कभी भी रिकार्ड के लिये नहीं खेलते. उन्होंने कहा, रिकार्ड अपने नाम कराकर अच्छा महसूस होता है, लेकिन मैं रिकार्ड को ध्यान में नहीं रखता. 10 सेकेंड के बाद मैं इसे भूल जाऊंगा. मैं किसी भी रिकार्ड का पीछा करने का कोई दबाव नहीं लेता.

उन्होंने साथ ही कहा, मैंने कभी सपने में नहीं सोचा था कि मैं भारत के लिये 100 से ज्यादा मैच खेलूंगा या 60 से ज्यादा गोल करूंगा. भूटिया के बारे में उन्होंने कहा, मैं हमेशा बाईचुंग भाई का बड़ा प्रशंसक रहा हूं. वैसे बताईये कौन उनका मुरीद नहीं है? मैंने उनसे इतनी सारी चीजें सीखी हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola