FIFA वर्ल्ड कप से पहले ईरान की खुली धमकी, अगर ऐसा हुआ, तो बीच में ही छोड़ देंगे मैदान

ईरान टीम
FIFA WORLD CUP 2026: आज रात से फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ, फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होने जा रही है. लेकिन इस शानदार आगाज से ठीक पहले एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है.
FIFA WORLD CUP 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बीच ईरान की टीम ने कड़ा रुख अपनाया है. ईरानी खेल मंत्री अहमद दुन्यामाली के अनुसार, अगर स्टेडियम में ईरान की राष्ट्रीय टीम के खिलाफ नारेबाजी की गई या बिना मंजूरी वाले झंडे दिखाए गए, तो ईरानी टीम मैच को बीच में ही रोक देगी.
ईरान ने दी खुली चेतावनी
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आगाज के साथ ही ईरान और पश्चिमी देशों के बीच का राजनीतिक तनाव फुटबॉल के मैदान पर भी आ गया है. ईरान के खेल मंत्री ने चेतावनी दी है कि स्टेडियम में उनके खिलाफ किसी भी राजनीतिक विरोध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ऐसी स्थिति में टीम मैनेजर मैच रोक देगा. हालांकि, उन्होंने मिस्र के खिलाफ मैच में शांति रहने का भरोसा जताया है. बता दें कि इस टीम का विरोध केवल बाहर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो रहा है. अप्रैल में वैंकूवर में हुए प्रदर्शनों ने पहले ही इस बात के संकेत दे दिए थे कि ईरान के मैचों के दौरान स्टेडियम का माहौल बेहद संवेदनशील रहने वाला है.
कई दिक्कतों का करना पड़ा सामना
मैदान से इतर, ईरानी टीम टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले कई प्रशासनिक और संगठनात्मक दिक्कतों से जूझ रही है. ईरान के फुटबॉल महासंघ के अनुसार, विश्व कप शुरू होने के ठीक कुछ दिन पहले उनका टिकट आवंटन रद्द कर दिया गया, जिससे उन प्रशंसकों को तगड़ा झटका लगा है जो पहले ही यात्रा की तैयारी कर चुके थे.
अमेरिका ने लगाए सख्त नियम
फिलहाल यह टीम तिजुआना (मैक्सिको) में अभ्यास कर रही है, लेकिन मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव के चलते इन्हें यात्रा करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच, अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने साफ किया है कि ईरानी टीम को उनके हर विश्व कप मैच से महज़ एक दिन पहले ही अमेरिका में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी.
ईरान का पहला मुकाबला कब होगा
बता दें कि ग्रुप-जी में शामिल ईरान का पहला मैच 15 जून को लॉस एंजिल्स में न्यूजीलैंड से है. इसके बाद टीम 21 जून को बेल्जियम (लॉस एंजिल्स) और 26 जून को मिस्र (सिएटल) से टकराएगी.
इसे भी पढ़े- फीफा विश्व कप के लिए नॉर्वे का खास प्लान, 6000 संतरे और 300 किलो लाल मछली के साथ पहुंचे खिलाड़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋतु राज
ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










