‘रिंकू नहीं, आरके...’ प्रिया सरोज ने रिंकू सिंह को लेकर किए मजेदार खुलासे

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज (फोटो—इंस्टाग्राम)
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की लव स्टोरी और सगाई की चर्चाएं जारी हैं. प्रिया ने रिंकू के पहले मैसेज से लेकर 'RK' बुलाने तक के दिलचस्प राज खोले हैं.
Priya Saroj Talks about Rinku Singh: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई के बाद दोनों की लव स्टोरी लगातार चर्चा में है. इस बीच प्रिया सरोज ने अपने रिश्ते को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि रिंकू सिंह का पहला इंस्टाग्राम मैसेज सिर्फ "Hi" था. धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और फिर यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया.
सरकारी नौकरी वाले लड़के की थी तलाश
प्रिया ने बताया कि उनके पिता शुरुआत में उनके लिए सरकारी नौकरी वाले लड़के की तलाश कर रहे थे. इसी दौरान रिंकू ने उनसे कहा था, "अगर मेरा टीम इंडिया में चयन हो गया तो क्या आपके पापा मान जाएंगे?" इस पर उन्होंने जवाब दिया था, "हां." प्रिया ने यह भी कहा कि अगर रिंकू का भारतीय टीम में चयन नहीं हुआ होता तो शायद यह शादी भी नहीं हो पाती.
'मैं उन्हें RK बुलाती हूं'
View on Instagram
प्रिया सरोज ने रिंकू सिंह के बल्ले पर लिखे RK का भी राज खोला. उन्होंने बताया कि वह रिंकू को प्यार से "RK" कहकर बुलाती हैं. प्रिया ने मुस्कुराते हुए कहा, "हमारे पूर्वांचल में पति का नाम नहीं लिया जाता. हम 'ये' या 'वो' कहकर ही बुलाते हैं, इसलिए मैं उन्हें RK कहती हूं."
पांच छक्कों के बाद पिता को हुआ था शक
प्रिया ने बताया कि जब रिंकू सिंह ने आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाए थे, तब पूरा परिवार खुशी से झूम उठा था. उन्होंने कहा, "एक छक्का लगता है तो उतनी खुशी नहीं होती, लेकिन जब पांच छक्के लगे तो हम सब जोर-जोर से चिल्लाने लगे. तभी पापा ने पूछा कि आखिर मामला क्या है और उन्हें पहली बार शक हुआ."
आज तक अकेले डेट पर नहीं गए
प्रिया ने बताया कि दोनों आज तक कभी अकेले डेट पर नहीं गए. जब भी मुलाकात हुई, उनके साथ परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे. उन्होंने कहा, "जब हम मिलने गए थे तो हमारे साथ नौ लोग थे. अकेले मिलने का कभी मौका ही नहीं मिला. रिंकू बहुत शर्मीले हैं और ज्यादा बातें भी नहीं करते."
सगाई में जुटे थे कई बड़े चेहरे
जून में लखनऊ के एक निजी होटल में हुई सगाई समारोह में दोनों परिवारों के अलावा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, सांसद इकरा हसन, केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार व पीयूष चावला समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं. समारोह में रिंकू सफेद शेरवानी, जबकि प्रिया हल्के गुलाबी रंग के लहंगे में नजर आईं. सगाई के दौरान प्रिया भावुक भी हो गई थीं.
अप्रैल में बाबा विश्वनाथ के किए थे दर्शन
सगाई से पहले अप्रैल में रिंकू सिंह और प्रिया सरोज वाराणसी पहुंचे थे, जहां दोनों ने काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन किए. एयरपोर्ट पर रिंकू सिंह को देखते ही फैंस ने उनके साथ सेल्फी और ऑटोग्राफ लेने की होड़ लगा दी थी. वहां से रिंकू सीधे ताज होटल पहुंचे. करीबियों के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने प्रिया सरोज के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की थी. शादी के बाद दोनों एक नए आलीशान आशियाने में साथ रहने की तैयारी कर रहे हैं.
Also Read: जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच मैच से डूरंड कप की शुरुआत, 24 टीमें लेंगी हिस्सा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhijeet Kumar
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










