टीम इंडिया को रिंकू सिंह और सूर्यकुमार जैसे और खिलाड़ियों की जरूरत, वर्ल्ड कप से पहले वीरेंद्र सहवाग की सलाह

टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को लगता है कि टीम इंडिया में सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह जैसे कुछ और खिलाड़ियों की जरूरत है. एशियन गेम्स में मंगलवार को भारत ने बड़ी मुश्किल से क्वार्टरफाइनल मुकाबले में नेपाल से पार पाया. रिंकू ने 15 गेंद पर 37 रन बनाए.
हांगझोउ में एशियन गेम्स 2023 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत मंगलवार को नेपाल के खिलाफ हार से बच गया और सेमीफाइनल में पहुंच गया. मोंटी देसाई की कोचिंग वाली टीम की हर कोई तारीफ कर रहा था. 204 रनों के लक्ष्य का जिस प्रकार से नेपाल ने पीछा किया, मुकाबला अंत तक फंसा हुआ लग रहा था. आखिरी ओवर तक खेल में रोमांच बना रहा और दो भारतीय तेज गेंदबाजों अर्शदीप सिंह (2/43) और अवेश खान (3/32) ने काफी रन लुटाए. उन्होंने अपने आठ ओवर में 75 रन दिए. नेपाल की टीम ने रिकॉर्ड 14 छक्के भी लगाए. भारतीय गेंदबाजों की पिटाई के बावजूद, नेपाल अंततः नौ विकेट पर 179 रन पर सिमट गया और भारत ने 23 रन की जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली.
यशस्वी ने नेपाली गेंदबाजों पर किया जबर्दस्त प्रहार
इस मुकाबले के बाद टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग बहुत खुश नहीं थे. उन्होंने न केवल एशियाई खेलों के लिए, बल्कि सामान्य तौर पर भारतीय बल्लेबाजी में एक बड़ी गड़बड़ी को उजागर किया. इस मुकाबले में संभवत: दो पारियां ऐसी रहीं जो उल्लेखनीय रहीं. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल ने शुरुआत से ही नेपाल के गेंदबाजों पर आक्रमण किया, जबकि उनके साथी कप्तान रुतुराज गायकवाड़ फॉर्म में नहीं दिखे.
Also Read: World Cup : जब युवराज सिंह ने मैकग्रा और ब्रेटली की कर दी थी धुनाई ,अश्विन और हर्षा ने ऐसे किया याद
फॉर्म से बाहर दिखे रुतुराज गायकवाड़
हालांकि देखा जाए तो इस सलामी जोड़ी ने केवल 55 गेंदों में 100 रन की साझेदारी की. लेकिन साझेदारी में जायसवाल पूरी तरह से आक्रामक थे, उन्होंने पहले ही 33 गेंदों पर 70 रन बना लिए थे. जबकि कप्तान ने लगभग एक गेंद पर एक रन का स्ट्राइक रेट रखा. अंततः जायसवाल ने 48 गेंदों में शतक जड़ा. लेकिन नेपाल ने 18 गेंदों में 16 रनों के अंदर भारत के तीन विकेट गिरा दिए. फिर भी भारत ने चार विकेट पर 202 रन बना लिए. रिंकू सिंह के बनाए रन ही मैच में निर्णायक साबित हुए.
रिंकू सिंह ने किया धमाल
आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह पर भारी दबाव था. उन्होंने 15 गेंदों में चार छक्कों और दो चौकों की मदद से 37 रन बनाए. भारत के खेलों में अब तक के सबसे बड़े उलटफेर से बचने के बाद सोशल मीडिया पर सहवाग ने भारत से एंकर-शैली के बल्लेबाजों के बजाय टी20 खेल के लिए रिंकू और सूर्यकुमार यादव जैसे अधिक विस्फोटक बल्लेबाजों को तैयार करने का आग्रह किया.
वीरेंद्र सहवाग ने कही यह बात
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमारे पास बहुत सारे बल्लेबाज हैं जो एक ही गियर में खेलते हैं. अधिक विस्फोटक खिलाड़ियों को तैयार करने की जरूरत है जो टॉप गियर में खेल सकें. खासकर टी20 क्रिकेट में. एक खतरनाक टीम बनने के लिए रिंकू और सूर्यकुमार यादव के मोड में कई और बल्लेबाजों की जरूरत है.’ एशियन गेम्स में भारत अपना सेमीफाइनल मुकाबला 6 अक्टूबर को खेलेगा. एक जीत उन्हें एशियाई खेलों में कम से कम रजत पदक तक पहुंचा देगी. जबकि हार पर उन्हें दूसरे सेमीफाइनल मैच में हारने वाली टीम के खिलाफ कांस्य पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करनी होगी.
I just feel we have too many batters who play in the same gear. Need to nurture more explosive players who can play top gear, especially in T20 cricket. Many more in the Rinku and SKY mode needed to become a dangerous side.
— Virrender Sehwag (@virendersehwag) October 3, 2023
जायसवाल ने तोड़ा शुभमन गिल का रिकॉर्ड
आक्रामक सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल ने एशियाई खेलों के मंच पर आग लगा दी. जायसवाल नेपाल के खिलाफ शानदार फॉर्म में दिख रहे थे और वह एशियाई खेलों 2023 में शतक बनाने वाले पहले भारतीय बन गए. वह केवल 48 गेंदों में तिहरे अंक के स्कोर तक पहुंच गए. इस प्रक्रिया में, जयसवाल ने शुभमन गिल द्वारा बनाए गए एक रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया. गिल इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी थे. शुभमन गिल 23 साल और 146 दिन के थे जब उन्होंने भारत के लिए अपना पहला T20I शतक बनाया. दूसरी ओर, जायसवाल ने 21 साल, 8 महीने और 13 दिन की उम्र में अपना शतक पूरा किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




