कोलंबो में क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल? सुपर-8 का पहला मैच PAK vs NZ के बीच

कोलंबो में बारिश की संभावना
PAK vs NZ: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 का पहला मैच आज पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कोलंबो में शाम 7 बजे से खेला जाएगा. मैच पर बारिश का साया है. 2022 सेमीफाइनल की हार का बदला लेने न्यूजीलैंड की टीम उतरेगी. इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है.
Highlights
PAK vs NZ: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के ग्रुप स्टेज के मुकाबले अब खत्म हो चुके हैं. 21 फरवरी यानी आज से इस टूर्नामेंट के सुपर-8 मुकाबलों का आगाज होने जा रहा है. सुपर-8 राउंड का पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड (Pakistan vs New Zealand) के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम (R. Premadasa Stadium) में होना है. लोकल टाइम के अनुसार यह अहम मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा. दोनों टीमों के बीच मैदान पर एक बार फिर जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी.
कोलंबो में कैसा है मौसम का मिजाज?
इस अहम मैच में मौसम खेल का मजा खराब कर सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, कोलंबो में 21 फरवरी के दिन बारिश होने की काफी ज्यादा संभावना है. रिपोर्ट में बताया गया है कि मैच से पहले और मैच के दौरान भी बादल बरस सकते हैं. खासकर मैच के पहले हाफ में बारिश के चलते खेल सबसे ज्यादा प्रभावित होने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक, तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और ह्यूमिडिटी 80 प्रतिशत से भी अधिक दर्ज की जाएगी.
सुपर-8 के मुकाबलों के लिए नहीं रिजर्व डे
सुपर-8 के नियमों की बात करें तो आईसीसी ने इन मुकाबलों के लिए कोई भी रिजर्व डे नहीं रखा है. इसका सीधा असर पॉइंट्स टेबल पर हो सकता है. अगर कोलंबो में बारिश के चलते मैच पूरी तरह से धुल जाता है और खेल नहीं हो पाता है, तो पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों टीमों को एक एक अंक दे दिया जाएगा. रिजर्व डे ना होने के कारण बारिश का असर टीमों के सेमीफाइनल में जाने की राह पर सीधा होगा.
2022 सेमीफाइनल का बदला लेना चाहेगी न्यूजीलैंड
यह पहला मैच दोनों टीमों के लिए काफी अहम होने वाला है. आपको याद होगा कि पाकिस्तान की टीम ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर बाहर का रास्ता दिखाया था. न्यूजीलैंड की टीम आज के इस मुकाबले में उस हार का बदला लेने के पक्के इरादे से मैदान पर उतरेगी. इस वजह से मैच का रोमांच काफी बढ़ गया है.
ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों का प्रदर्शन
सुपर-8 राउंड में जगह बनाने से पहले पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन ग्रुप स्टेज में एक समान रहा है. दोनों ही टीमें अपने अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही हैं. पाकिस्तान ने अपने ग्रुप स्टेज के चार मुकाबलों में से तीन में जीत दर्ज की. उन्हें अपनी इकलौती हार भारत के खिलाफ मिली. वहीं न्यूजीलैंड का सफर भी ऐसा ही रहा. न्यूजीलैंड ने भी अपने चार मैचों में से तीन मुकाबले जीते और उसे एकमात्र हार साउथ अफ्रीका के हाथों मिली.
PAK vs NZ का टी20 में हेड टू हेड रिकॉर्ड
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच क्रिकेट के मैदान पर हमेशा जबरदस्त राइवलरी देखने को मिलती है. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 49 मुकाबले खेले गए हैं. इन मैचों में पाकिस्तान का पलड़ा बहुत मामूली अंतर से भारी है. पाकिस्तान ने 24 मुकाबले जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड ने 23 मुकाबलों में जीत दर्ज की है. इन दोनों के बीच खेले गए 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल पाया है.
ये भी पढ़ें-
कोई इतना बड़ा झूठ कैसे… आसिफ नजरुल पर भड़के कोच सलाहुद्दीन
T20 WC में सुपर-8 मैच के समय में बदलाव! जानें कितने बजे होगा IND vs SA मुकाबला
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




