ePaper

कोई इतना बड़ा झूठ कैसे… आसिफ नजरुल पर भड़के कोच सलाहुद्दीन

Updated at : 21 Feb 2026 11:51 AM (IST)
विज्ञापन
T20 World Cup 2026 Salahuddin and Bangladesh Team

मोहम्मद सलाहुद्दीन और बांग्लादेश क्रिकेट टीम

T20 World Cup 2026: बांग्लादेश के पूर्व खेल सलाहकार आसिफ नजरुल और क्रिकेट टीम के असिस्टेंट कोच सलाहुद्दीन के बीच टी20 वर्ल्ड कप को लेकर ठन गई है. कोच ने नजरुल के उस दावे को सफेद झूठ बताया है जिसमें उन्होंने कहा था कि वर्ल्ड कप न खेलने का फैसला टीम और स्टाफ का था.

विज्ञापन

T20 World Cup 2026: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सीनियर असिस्टेंट कोच मोहम्मद सलाहुद्दीन (Mohammad Salahuddin) ने पूर्व खेल सलाहकार डॉ आसिफ नजरुल (Asif Nazrul) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने नजरुल के उस बयान को पूरी तरह झूठा बताया है जिसमें कहा गया था कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में नहीं खेलने का फैसला खिलाड़ियों और कोच का था. देश में हालिया चुनाव के बाद बीएनपी के नेतृत्व वाली नई सरकार आने पर यह विवाद खुलकर सामने आया है.

आसिफ नजरुल का बदलता बयान

10 फरवरी को पूर्व खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने दावा किया कि बांग्लादेश टीम के वर्ल्ड कप से हटने का फैसला खुद क्रिकेटरों और कोचिंग स्टाफ ने लिया था. लेकिन इससे पहले उनका बयान बिल्कुल अलग था. शुरुआत में उन्होंने कहा था कि भारत में सुरक्षा कारणों की वजह से सरकार ने अपने मैच वहां नहीं खेलने का फैसला किया है. उनके इसी बार-बार बदलते रुख पर अब टीम मैनेजमेंट की तरफ से सवाल उठाए जा रहे हैं.

कोच सलाहुद्दीन का तीखा जवाब

कोच मोहम्मद सलाहुद्दीन ने शुक्रवार को रिपोर्टर्स से बातचीत में नजरुल के दावे को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि आसिफ नजरुल का बयान पूरी तरह से झूठ है. सलाहुद्दीन ने हैरानी जताते हुए कहा कि एक यूनिवर्सिटी प्रोफेसर इतना बड़ा और सफेद झूठ कैसे बोल सकता है. उन्होंने साफ किया कि वर्ल्ड कप में न खेलने का दबाव पूरी तरह से तत्कालीन सरकार की तरफ से डाला गया था. इसमें खिलाड़ियों या कोच की कोई भी भागीदारी नहीं थी.

तनाव में बीमार पड़े क्रिकेटर्स

वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में न खेल पाने का बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर काफी गहरा असर पड़ा. कोच सलाहुद्दीन के मुताबिक, टीम के सदस्य इस थोपे गए फैसले से इतने ज्यादा दुखी थे कि दो खिलाड़ी तनाव के कारण गंभीर रूप से बीमार हो गए. खिलाड़ी काफी समय से इस टूर्नामेंट के लिए पसीना बहा रहे थे और जब उन्हें खेलने से रोका गया तो वे टूट गए. कोच ने कहा कि अब आसिफ नजरुल अपनी गलती छुपाने के लिए सारा दोष टीम पर डाल रहे हैं, जबकि असल में उन्होंने ही टीम को वर्ल्ड कप से बाहर होने के लिए मजबूर किया था.

आईपीएल विवाद और ICC का फैसला

इस पूरे विवाद की जड़ में मुस्तफिजुर रहमान का मामला भी शामिल था. मुस्तफिजुर को आईपीएल से बाहर किए जाने के विरोध और भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा के मुद्दे को आधार बनाकर यह कदम उठाया गया था. बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया और आईसीसी से अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट कराने की मांग की. आईसीसी ने यह मांग ठुकरा दी, जिसके बाद बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से हटाकर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया.

ये भी पढ़ें-

T20 WC में सुपर-8 मैच के समय में बदलाव! जानें कितने बजे होगा IND vs SA मुकाबला

अफगानिस्तान क्रिकेट में बडा बदलाव, जोनाथन ट्रॉट ने कोच का पद छोड़ने के बाद कही बड़ी बात

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola