कौन हैं टीम इंडिया के ये अनसंग हीरोज? नेट्स में 150 KMPH की रफ्तार से बल्लेबाजों को करते हैं तैयार

Updated:
विज्ञापन

रघु, नुवान सेनेविरत्ने और दयानंद गरानी के साथ ​कोहली और गिल (फोटो—सोशल मीडिया)

जब टीम इंडिया जीतती है, तो खिलाड़ियों की चर्चा होती है, लेकिन पर्दे के पीछे कुछ ऐसे हीरोज़ हैं जो बल्लेबाजों को रॉकस्टार बनाते हैं. ये हैं थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट, जो 150 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदें फेंककर भारतीय बल्लेबाजों को चैंपियन बनाते हैं. मिलिए रघु, नुवान और दया से, जिन्होंने विराट कोहली जैसे दिग्गजों की बल्लेबाजी को निखारा है.

विज्ञापन

Team India Throwdown Specialists : क्रिकेट में जब कोई बल्लेबाज शतक लगाता है या टीम इंडिया कोई बड़ा मुकाबला जीतती है, तो सारी चर्चा खिलाड़ियों की होती है. लेकिन मैदान पर उतरने से पहले घंटों चलने वाली तैयारी में कुछ ऐसे लोग भी शामिल होते हैं, जिनका नाम शायद ही कभी सुर्खियों में आता है. टीम इंडिया के बल्लेबाज नेट्स में जब 140-150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंदों का सामना करते हैं, तो हर बार सामने कोई इंटरनेशनल तेज गेंदबाज नहीं होता. रघु, नुवान सेनेविरत्ने और दयानंद गरानी टीम इंडिया के ऐसे ही थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट हैं, जो भारतीय बल्लेबाजों को तेज गेंदबाजी की चुनौती के लिए तैयार करते आ रहे हैं.

विज्ञापन

Team India Throwdown Specialists : कौन हैं रघु, नुवान और दया?

View on Instagram

रघु यानी डी. राघवेंद्र, नुवान सेनेविरत्ने और दयानंद गरानी भारतीय बल्लेबाजों को साइडआर्म की मदद से गेंद डालते हैं. यह उपकरण लंबा और चम्मच जैसी आकृति का होता है, जिसके जरिए गेंद को तेज रफ्तार से बल्लेबाज तक पहुंचाया जा सकता है. हाल ही में सोनी स्पोटर्स नेटवर्क पर बात करते हुए चेतेश्वर पुजारा ने भी थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट की अहमियत को बताया था.

उन्होंने कहा था कि नेट्स में बल्लेबाजों को लंबे समय तक तेज गेंदबाजी का अभ्यास चाहिए होता है, लेकिन जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे तेज गेंदबाजों से लंबे समय तक गेंदबाजी करवाना सही नहीं है. उन्हें मैच के लिए अपना वर्कलोड और शरीर की फिटनेस भी संभालनी होती है. ऐसे में थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों को लंबे समय तक अभ्यास कराने में मदद करते हैं. वे साइडआर्म के जरिए लगातार गेंदें डाल सकते हैं और जरूरत के हिसाब से गति, लाइन, लेंथ और एंगल में बदलाव कर सकते हैं. इससे बल्लेबाजों को मैच की परिस्थितियों के लिए तैयार होने का ज्यादा समय मिलता है.

Team India Throwdown Specialists : विराट कोहली ने की थी रघु की तारीफ

इन तीनों में रघु सबसे लंबे समय से टीम इंडिया के साथ जुड़े नामों में शामिल हैं. विराट कोहली ने 2020 में रघु की तारीफ करते हुए बताया था कि उनकी वजह से भारतीय बल्लेबाजों के तेज गेंदबाजी खेलने में काफी सुधार हुआ. द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रघु साइडआर्म से 145 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार हासिल कर सकते हैं. यही वजह है कि नेट्स में रघु का सामना करना बल्लेबाजों के लिए किसी तेज गेंदबाज का सामना करने जैसा अभ्यास बन जाता है.

2023 में विराट कोहली ने रघु, नुवान और दया के योगदान की खुलकर तारीफ की थी. उन्होंने बताया था कि इन तीनों की तरफ से मिलने वाली 145-150 KMPH की गति वाली चुनौती ने उनकी बल्लेबाजी को बेहतर बनाने में मदद की.

Also Read: Vivek Razdan Birthday Special: ‘टूटा है गाबा का घमंड’ से मिली पहचान, सचिन तेंदुलकर के साथ किया था वनडे डेब्यू

Team India Throwdown Specialists : नुवान का बाएं हाथ का एंगल है सबसे खास

नुवान सेनेविरत्ने श्रीलंका से हैं और उनकी खासियत बाएं हाथ से थ्रोडाउन करना है. उन्हें भारतीय टीम के साथ खास तौर पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों का सामना करने की तैयारी में इस्तेमाल किया गया. 2018 में उन्हें टीम इंडिया के साथ जोड़ा गया था, जब भारत को पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का सामना करना था. दिलचस्प बात यह है कि नुवान खुद श्रीलंका में ज्यादा घरेलू क्रिकेट नहीं खेल पाए. एक समय उन्होंने स्कूल बस ड्राइवर के तौर पर भी काम किया था. आज वह भारतीय बल्लेबाजों की ट्रेनिंग में अहम भूमिका निभा रहें हैं.

Team India Throwdown Specialists : ट्रैफिक संभालने से लेकर टीम इंडिया तक का सफर

दयानंद गरानी की कहानी भी काफी अलग है. वह पश्चिम बंगाल के किसान परिवार से आते हैं. एक समय उन्होंने कोलकाता में ट्रैफिक संभालने का काम भी किया. इसके बाद उनका जुड़ाव क्रिकेट से हुआ और उन्होंने आंध्र रणजी टीम के साथ काम किया. 2020 में आईपीएल के दौरान गरानी किंग्स इलेवन पंजाब के सपोर्ट स्टाफ में थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा रहे थे. इसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम के साथ जाने का मौका मिला. उसके बाद से आज तक वे टीम इंडिया के बल्लेबाजों को नेट्स में देते आ रहें है.

Also Read: Video: ध्रुव जुरेल के शतक का जश्न बना चर्चा का विषय, ‘जय जवान-जय किसान’ टैटू दिखाकर जीत लिया करोड़ों फैंस का दिल


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola