अमेलिया केर का तूफान, महिला वनडे में न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, चेज किया सबसे बड़ा लक्ष्य

अमेलिया केर, Pic- Social Media/X
New Zealand Women Team Record: न्यूजीलैंड की महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर महिला वनडे इतिहास का सबसे बड़ा टारगेट हासिल किया है. कप्तान अमेलिया केर ने 179 रन की नाबाद पारी खेली. इस ऐतिहासिक जीत के साथ न्यूजीलैंड ने भारत का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है और सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है.
Highlights
New Zealand Women Team Record: न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम ने महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा टारगेट हासिल करके एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. बुधवार को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 2 विकेट से मात दी. इस जीत की हीरो कप्तान अमेलिया केर रहीं. उन्होंने 179 रन की बेहतरीन नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई. इस शानदार जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया है.
दक्षिण अफ्रीका ने बनाए थे 346 रन
मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की. पूरी टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 346 रन का बड़ा स्कोर बनाया. टीम के लिए कप्तान लौरा वाल्वार्ट ने 69 रन और एनेके बॉश ने 91 रन की पारी खेली. पारी के आखिरी हिस्से में कोले ट्रायन ने तूफानी बल्लेबाजी की. उन्होंने सिर्फ 25 गेंद खेलकर नाबाद 52 रन बनाए. न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी करते हुए ब्री इलिंग सबसे सफल रहीं और उन्होंने तीन अहम विकेट झटके.
अमेलिया केर और गेज की शानदार पार्टनरशिप
347 रन के विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम के सामने मुश्किल चुनौती थी. तीसरे नंबर पर बैटिंग करने उतरी कप्तान अमेलिया केर ने 139 गेंद का सामना किया और 23 चौके व एक छक्के की मदद से 179 रन की नाबाद पारी खेली. उनको विकेटकीपर बल्लेबाज इसाबेला गेज का बेहतरीन साथ मिला. गेज ने मात्र 48 गेंद पर 68 रन की तेज पारी खेली. दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 120 रन जोड़े जिसने मैच पलट दिया.
A HISTORIC CHASE LEAD BY CAPTAIN AMELIA KERR 🥶🔥
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 1, 2026
– Highest chase in Women's ODI history with Kerr 179*(139) pic.twitter.com/6zQX2sJa8v
आखिरी 72 गेंद पर चाहिए थे 97 रन
मैच के दौरान एक समय न्यूजीलैंड को आखिरी 72 गेंद में 97 रन चाहिए थे. अमेलिया ने दबाव में आए बिना छठे विकेट के लिए इजी शार्प (11 रन) के साथ 40 रन और सातवें विकेट के लिए जेस केर (14 रन) के साथ 39 रन की पार्टनरशिप की. आखिरी ओवर में टीम को 11 रन की जरूरत थी. अमेलिया ने नादिन डी क्लर्क की गेंदों पर बाउंड्री लगाकर 49.4 ओवर में टीम का स्कोर 8 विकेट पर 350 रन तक पहुंचा दिया और मैच 2 गेंद पहले खत्म कर दिया. अमेलिया प्लेयर ऑफ द मैच बनीं.
न्यूजीलैंड ने तोड़ा भारत का रिकॉर्ड
इस ऐतिहासिक जीत के साथ न्यूजीलैंड ने भारतीय महिला टीम का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इससे पहले महिला वनडे में सबसे बड़ा टारगेट हासिल करने का रिकॉर्ड भारत के नाम था. पिछले वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को 339 रन का टारगेट दिया था. नवी मुंबई में खेले गए उस मैच में भारत ने 48.3 ओवर में 5 विकेट पर 341 रन बनाकर जीत हासिल की थी. अब अमेलिया केर की टीम सबसे आगे निकल गई है.
ये भी पढ़ें-
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, BCCI ने जारी किया शेड्यूल
कौन हैं वो लड़कियां जिनके साथ जुड़ा वॉशिंगटन सुंदर का नाम?
LSG vs DC: इकाना में पंत के सामने अक्षर की चुनौती, जानें पिच और मौसम का हाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




