LSG vs RCB, IPL 2022: रजत पाटीदार ने आरसीबी को क्वालीफायर में पहुंचाया, लखनऊ टूर्नामेंट से बाहर

Kolkata: Royal Challengers Bangalore celebrate after winning their Indian Premier League 2022 Eliminator cricket match against Lucknow Super Giants, at Eden Gardens in Kolkata, Wednesday, May 25, 2022. Royal Challengers Bangalore won the match by 14 runs. (Sportzpics for IPL/PTI Photo)(PTI05_26_2022_000008B)
आरसीबी ने पाटीदार की 54 गेंद में 12 चौकों और सात छक्कों से नाबाद 112 रन की पारी और दिनेश कार्तिक (नाबाद 37) के साथ पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 6.5 ओवर में 92 रन की अटूट साझेदारी से चार विकेट पर 207 रन बनाए.
रजत पाटीदार (Rajat Patidar) के करियर के पहले शतक से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के एलिमिनेटर में बुधवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स को 14 रन से हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया.
पाटीदार ने खेली नाबाद 112 रनों की तूफानी पारी
आरसीबी ने पाटीदार की 54 गेंद में 12 चौकों और सात छक्कों से नाबाद 112 रन की पारी और दिनेश कार्तिक (नाबाद 37) के साथ पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 6.5 ओवर में 92 रन की अटूट साझेदारी से चार विकेट पर 207 रन बनाए. पाटीदार ने विराट कोहली (25) के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े. पाटीदार और कार्तिक ने डेथ ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी की जिससे आरसीबी की टीम अंतिम पांच ओवर में 84 रन बटोरने में सफल रही. पाटीदार मौजूदा सत्र में शतक जड़ने वाले चौथे बल्लेबाज हैं.
Also Read: IPL 2022 : नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद छऊ नृत्य से होगा गुलजार, समापन समारोह में होगी प्रस्तुति
लखनऊ की ओर से केएल राहुल ने खेली कप्तानी पारी
सुपर जाइंट्स की टीम इसके जवाब में कप्तान लोकेश राहुल (79) के अर्धशतक और दीपक हुड्डा (45) के साथ तीसरे विकेट की उनकी 96 रन की साझेदारी के बावजूद छह विकेट पर 193 रन ही बना सकी. आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड ने 44 रन देकर तीन विकेट चटकाए. हर्षल पटेल ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 25 रन देकर एक विकेट चटकाया.
दूसरे क्वलीफायर में आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बीच भिड़ंत
आरसीबी की टीम अब शुक्रवार को क्वालीफायर दो में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी और इस मैच की विजेता टीम का सामना रविवार को फाइनल में गुजरात टाइटंस से होगा.
बारिश की वजह से देर से शुरू हुआ लखनऊ और आरसीबी का मैच
बारिश के कारण एलिमिनेटर लगभग 40 मिनट की देरी से शुरू हुआ लेकिन ओवरों में कोई कटौती नहीं की गई. लक्ष्य का पीछा करते हुए क्विंटन डिकॉक (06) ने मोहम्मद सिराज पर छक्के से खाता खोला लेकिन अगली गेंद पर आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसी को कैच दे बैठे. कार्तिक ने शाहबाज अहमद की गेंद पर मनन वोहरा (19) को स्टंप करने का मौका गंवा दिया जिसका फायदा उठाकर उन्होंने अगली गेंद पर छक्का जड़ दिया. वोहरा ने अगले ओवर में जोश हेजलवुड की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा लेकिन अगली गेंद पर शाहबाज को कैच दे बैठे. कप्तान लोकेश राहुल ने छठे ओवर में सिराज पर दो छक्कों और एक चौके के साथ अपना बाउंड्री का खाता खोला जिससे टीम ने पावर प्ले में दो विकेट पर 62 रन बनाए. दीपक हुड्डा ने हेजलवुड पर चौके से खाता खोला और फिर शाहबाज पर छक्का जड़ा. उन्होंने कप्तान के साथ मिलकर 10 ओवर में टीम का स्कोर दो विकेट पर 89 रन तक पहुंचाया.
वानिंदु हसरंगा और हर्षल पटेल की घातक गेंदबाजी
वानिंदु हसरंगा और हर्षल पटेल ने बीच के ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की. राहुल और हुड्डा ने 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. राहुल ने हेजलवुड पर छक्के के साथ 43 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. हुड्डा ने भी इस ओवर में छक्का और फिर हसरंगा पर दो छक्के के साथ रन गति में इजाफा करने का प्रयास किया लेकिन इस लेग स्पिनर ने उन्हें बोल्ड कर दिया. हुड्डा ने 26 गेंद का सामना करते हुए चार छक्के और एक चौका मारा. मार्कस स्टोइनिस ने हसरंगा पर छक्के से खाता खोला जिससे 15वें ओवर में 18 रन बने.
हेजलवुड ने लखनऊ का खेल बिगाड़ा, लगातार दो गेंद पर दिया दो झटका
सुपर जाइंट्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 65 रन की जरूरत थी. राहुल ने सिराज और हसरंगा पर छक्कों के साथ रन और गेंद के बीच के अंतर को कम किया. हर्षल ने 18वें ओवर में वाइड के छह रन देने के बाद स्टोइनिस (09) को बाउंड्री पर पाटीदार के हाथों कैच कराया. इस ओवर में आठरन बने. सुपर जाइंट्स को अंतिम दो ओवर में 33 रन की जरूरत थी. हेजलवुड ने इसके बाद राहुल को शॉर्ट थर्ड मैन पर शाहबाज के हाथों कैच कराके सुपर जाइंट्स को बड़ा झटका दिया. अगली गेंद पर कृणाल पांड्या (00) भी हेजलवुड को वापस कैच दे बैठे. इस ओवर में नौ रन बने. हर्षल के अंतिम ओवर में सुपर जाइंट्स को 24 रन की जरूरत थी लेकिन दुष्मंता चमीरा (नाबाद 11) और एविन लुईस (नाबाद दो) नौ रन ही बना सके.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




