IND vs IRE: भारत ने आयरलैंड को दो रनों से हराया, चमके जसप्रीत बुमराह, देखें फोटो

**EDS: IMAGE VIA @BCCI** Malahide: Indian bowler Jasprit Bumrah celebrates with teammates after a wicket of Ireland during the 1st T20 cricket match between India and Ireland, at The Village stadium in Malahide, Ireland, Friday, Aug. 18, 2023. (PTI Photo)(PTI08_18_2023_000204A)
भारत ने डीएलएस विधि से आयरलैंड को दो रनों से हरा दिया है. बारिश ने दूसरी पारी में खेल को पूरा बिगाड़ दिया जब भारतीय पारी का सातवां ओवर प्रगति पर था. भारत ने सातवें ओवर में 47 रन बना लिये थे जो डीएलएस पार से दो रन अधिक था. भारत को अंत में विजेता घोषित कर दिया गया.

लंबे समय बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने वर्षाबाधित पहले टी20 मैच में आयरलैंड को डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर दो रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली.

करीब एक साल बाद चोट के बाद टीम में लौटे बुमराह ने 24 रन देकर दो विकेट लिए जबकि पहला टी20 मैच खेल रहे प्रसिद्ध कृष्णा ने 32 रन देकर दो विकेट चटकाए. आयरलैंड ने आठवें नंबर के बल्लेबाज बैरी मैकार्थी के नाबाद अर्धशतक की मदद से सात विकेट पर 139 रन बनाए.

मैकार्थी ने 33 गेंद में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रन की नाबाद पारी खेली. भारतीय कप्तान बुमराह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. आयरलैंड ने 11वें ओवर में छह विकेट 59 रन पर गंवा दिये थे लेकिन इसके बाद कुर्टिस कैम्फर (39) और मैकार्थी ने सातवें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की.

मैकार्थी ने अपना पहला अर्धशतक अर्शदीप को आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर पूरा किया. जीत के लिए 140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के लिए यशस्वी जायसवाल (23 गेंद में 24 रन) और रुतुराज गायकवाड़ (नाबाद 19) ने 6.2 ओवर में 46 रन जोड़े.

क्रेग यंग ने हालांकि जायसवाल और तिलक वर्मा (0) को पवेलियन भेजकर भारत को दोहरे झटके दिये थे. बारिश रूकती नहीं देखकर अंपायरों ने स्थानीय समयानुसार छह बजकर 15 मिनट पर खेल रद्द करने का फैसला किया. दूसरा टी20 रविवार को यहां खेला जायेगा.

इससे पहले बुमराह ने पहले ओवर में सलामी बल्लेबाज एंड्रयू बालबर्नी (चार) को दूसरी ही गेंद पर बोल्ड किया जबकि लोरकान टकर (0) ने इसी ओवर में विकेट के पीछे संजू सैमसन को कैच थमाया. चार ओवर के बाद बुमराह ने टी20 क्रिकेट में पदार्पण करने वाले कृष्णा को गेंद सौंपी जिन्होंने हैरी टेक्टर (नौ) को पवेलियन भेजा. तिलक वर्मा ने उनका आसान कैच लपका.

रवि बिश्नोई ने आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग (11) को आउट किया. पावरप्ले में आयरलैंड के चार विकेट 27 रन पर गिर गए थे. कृष्णा ने जॉर्ज डॉकरेल (तीन) को कवर पर रुतुराज गायकवाड़ के हाथों लपकवाया. कैम्फर ने आते ही रिवर्स स्वीप पर चौका लगाया जबकि मार्क एडेयर(16) ने दो चौके लगाकर नौ ओवर में आयरलैंड को पांच विकेट पर 50 रन तक पहुंचाया.
बिश्नोई ने एडेयर को वीडियो रेफरल के बाद पगबाधा आउट करके पवेलियन भेजा. मैकार्थी ने 13वें ओवर में बिश्नोई को पारी का पहला छक्का लगाया. बुमराह को भी दूसरे स्पैल में कैम्फर ने छक्का जड़ा जबकि मैकार्थी ने कृष्णा की गेंद को नसीहत दी. बुमराह ने 19वां ओवर किफायती डाला लेकिन अर्शदीप ने आखिरी ओवर में 22 रन दे डाले.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




