ePaper

टी20 रैंकिंग में ईशान किशन की लंबी छलांग, टॉप-10 में बनाई जगह

Updated at : 18 Feb 2026 4:17 PM (IST)
विज्ञापन
ICC Rankings T20 Ishan Kishan

ईशान किशन

ICC Rankings: आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में ईशान किशन ने धमाका कर दिया है. पाकिस्तान के खिलाफ शानदार पारी के बाद वो 17 पायदान ऊपर चढ़कर 8वें नंबर पर आ गए हैं. वहीं अभिषेक शर्मा खराब फॉर्म के बाद भी नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं. वरुण चक्रवर्ती गेंदबाजी में टॉप पर हैं.

विज्ञापन

ICC Rankings: आईसीसी ने टी20 इंटरनेशनल की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है. इस नई लिस्ट में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला है. पाकिस्तान के खिलाफ हालिया मुकाबले में अपनी दमदार बल्लेबाजी से सबको प्रभावित करने वाले ईशान किशन (Ishan Kishan) को रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है. ईशान किशन ने लंबी छलांग लगाते हुए सीधे टॉप-10 बल्लेबाजों में अपनी जगह बना ली है. 

वहीं, खराब फॉर्म से जूझ रहे भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) अभी भी दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं. दूसरी तरफ गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी काफी उथल-पुथल मची है. पाकिस्तान के सैम अयूब जहां नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं, वहीं वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakaravarthy) ने गेंदबाजी में अपना पहला स्थान बरकरार रखा है.

ईशान किशन ने लगाई 17 स्थानों की छलांग

पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को हुए मुकाबले में ईशान किशन ने मैच जिताऊ पारी खेली थी. उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था. इस प्रदर्शन का असर अब आईसीसी रैंकिंग में साफ दिखाई दे रहा है. ईशान किशन ने रैंकिंग में 17 स्थानों की जबरदस्त छलांग लगाई है. इस फायदे के साथ वह अब टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में 8वें स्थान पर पहुंच गए हैं. ईशान ने इस दौरान दुनिया के कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है. उनकी यह वापसी भारतीय टीम के लिए एक अच्छा संकेत है.

अभिषेक नंबर-1, निसंका पहुंचे तीसरे स्थान पर

बल्लेबाजों की रैंकिंग में अभिषेक शर्मा 891 रेटिंग प्वाइंट के साथ अभी भी शीर्ष पर काबिज हैं. हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है और वह यूएसए के खिलाफ 0 पर आउट हो गए थे, लेकिन पुराने अंकों के आधार पर उनकी बादशाहत कायम है. इंग्लैंड के फिल साल्ट दूसरे नंबर पर हैं. वहीं, श्रीलंका के पथुम निसंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैंडी में शतक जड़कर रैंकिंग में तीन स्थानों की छलांग लगाई है. वह अब तीसरे नंबर पर आ गए हैं.

भारत के तिलक वर्मा भी एक पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं. पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को नुकसान हुआ है और वह 5वें नंबर पर खिसक गए हैं. जोस बटलर 7वें, टिम साइफर्ट 9वें और ट्रेविस हेड 10वें स्थान पर हैं.

गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती का दबदबा कायम

गेंदबाजों की रैंकिंग में भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती नंबर-1 के ताज पर कब्जा जमाए हुए हैं. हालांकि, उन्हें अब अफगानिस्तान के राशिद खान से कड़ी टक्कर मिल रही है. राशिद खान एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर आ गए हैं. पाकिस्तान के अबरार अहमद तीसरे स्थान पर हैं, जबकि इंग्लैंड के आदिल रशीद चौथे नंबर पर हैं. जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्रैड इवांस ने सबसे ज्यादा चौंकाया है. उन्होंने लगातार दो मैचों में तीन-तीन विकेट लेकर 10 स्थानों की छलांग लगाई है और अब वह 5वें नंबर पर पहुंच गए हैं. इसके अलावा एडम जंपा 8वें और मुस्तफिजुर रहमान 9वें स्थान पर हैं.

सैम अयूब बने दुनिया के नंबर-1 ऑलराउंडर

ऑलराउंडर्स की कैटेगरी में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. पाकिस्तान के युवा खिलाड़ी सैम अयूब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर ली है. उन्होंने जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर राजा को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया. सिकंदर राजा अब दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. भारत के हार्दिक पांड्या तीसरे स्थान पर बने हुए हैं. वहीं, नेपाल के दीपेंद्र सिंह एरी को भी फायदा हुआ है. स्कॉटलैंड के खिलाफ टीम को जीत दिलाने वाले एरी दो स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं. अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजाई पांचवें स्थान पर मौजूद हैं.

ये भी पढ़ें-

T20WC में साउथ अफ्रीका की आसान जीत, यूएई को 6 विकेट से हराया

यूएई के बल्लेबाज को लगी गेंद, हवा में उड़ा हेलमेट, मैदान पर छा गया सन्नाटा

हमसे बर्तन साफ करवाए, पाकिस्तान हॉकी टीम की बेईज्जती, कप्तान का बड़ा खुलासा

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola