बहन की जिद ने कैसे फौजी की जगह बनाया क्रिकेटर, जानें भुवी के स्विंग का सुल्तान बनने का सफर

Updated at : 07 Apr 2026 5:55 PM (IST)
विज्ञापन
Bhuvneshwar Kumar Untold Story

भुवनेश्वर कुमार, Pic- Social Media/X

Bhuvneshwar Kumar Untold Story: टीम इंडिया के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार बचपन में फौजी बनना चाहते थे. लेकिन उनकी बहन रेखा ने उनके क्रिकेट टैलेंट को पहचाना. बहन की जिद और सपोर्ट से ही मेरठ का ये युवा आज दुनिया भर में स्विंग का सुल्तान बन पाया है.

विज्ञापन

Bhuvneshwar Kumar Untold Story: क्रिकेट के मैदान पर जब भुवनेश्वर कुमार की गेंद हवा में लहराती है, तो अच्छे-अच्छे बल्लेबाज चकमा खा जाते हैं. अपनी तेज और स्विंग होती गेंदों से दुनिया भर में नाम कमाने वाले इस गेंदबाज की कहानी बहुत दिलचस्प है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि मेरठ के एक आम लड़के को टीम इंडिया का सुपरस्टार बनाने के पीछे सबसे बड़ा हाथ किसका है? वो कोई और नहीं बल्कि उनकी बड़ी बहन रेखा अडाना हैं. आइए आपको बताते हैं कि कैसे एक बहन ने अपने छोटे भाई के टैलेंट को पहचाना और उसे क्रिकेट की दुनिया में स्विंग का सुल्तान बना दिया.

फौजी बनने का था सपना

बचपन में भुवी का सपना कोई बड़ा क्रिकेटर बनने का नहीं था. असल में वो इंडियन आर्मी में जाना चाहते थे. उनके पिता पुलिस विभाग में काम करते थे, इसलिए घर का माहौल भी काफी सख्त था. लेकिन समय के साथ भुवी का मन गली के क्रिकेट में ज्यादा लगने लगा. वो रोज मोहल्ले के लड़कों के साथ क्रिकेट खेलते थे. पिता चाहते थे कि बेटा पढ़ाई पर ध्यान दे, लेकिन भुवी का मन तो बस गेंद और बल्ले में अटका रहता था. ऐसे में उनके क्रिकेट खेलने को लेकर घर में अक्सर डांट भी पड़ती थी.

बहन रेखा ने पहचानी असली चमक

भुवनेश्वर तब मुश्किल से 13 साल के रहे होंगे. उनकी बड़ी बहन रेखा ने देखा कि उनका भाई हर रोज घंटों क्रिकेट खेलता है. रेखा ने नोटिस किया कि भुवी बाकी लड़कों से बहुत अलग खेलते हैं और उनकी गेंदबाजी में एक खास बात है. एक बहन की नजर ने वो देख लिया जो शायद घर के बाकी लोग नहीं देख पा रहे थे. रेखा को इस बात का पक्का यकीन हो गया कि उनके भाई के हाथों में जादू है और अगर इसे सही रास्ता मिले तो वो बहुत बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है.

खुद लेकर गईं क्रिकेट एकेडमी

एक बार जब रेखा ने मन बना लिया, तो फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. उस वक्त मेरठ में अच्छी क्रिकेट कोचिंग मिलना इतना आसान काम नहीं था. लेकिन बहन ने अपने भाई के लिए ये भी कर दिखाया. वो खुद भुवी का हाथ पकड़कर उन्हें मेरठ के विक्टोरिया पार्क लेकर गईं. वहां उन्होंने कोच विपिन वत्स और संजय रस्तोगी से बात की और भुवी को ट्रेनिंग देने के लिए कहा. शुरू में घर के कुछ लोग इस फैसले से ज्यादा खुश नहीं थे, लेकिन बहन के पूरे सपोर्ट ने भुवी के लिए आगे का रास्ता एकदम साफ कर दिया.

आज भी देते हैं बहन को पूरा क्रेडिट

बहन की उसी मेहनत और साथ का नतीजा है कि आज भुवनेश्वर कुमार क्रिकेट की दुनिया का एक बहुत बड़ा नाम हैं. घरेलू क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर को आउट करने से लेकर इंटरनेशनल मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने तक, भुवी ने हर बार खुद को साबित किया है. आज भी जब भुवनेश्वर से उनकी कामयाबी के बारे में पूछा जाता है, तो वो बिना सोचे सबसे पहले अपनी बहन का ही नाम लेते हैं. उनका साफ मानना है कि अगर उस दिन बहन उन्हें विक्टोरिया पार्क नहीं ले जाती, तो शायद आज ये स्विंग का सुल्तान हमारे सामने नहीं होता.

IPL 2026 में भी जारी है भुवी का जादू

आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की तरफ से खेलते हुए भुवनेश्वर ने एक और बहुत बड़ा इतिहास रच दिया है. 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में विकेट लेते ही वो आईपीएल इतिहास में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बन गए. पिछले सीजन (2025) में भी उन्होंने 17 विकेट लेकर आरसीबी को चैंपियन बनाने में बहुत बड़ा रोल निभाया था.

ये भी पढ़ें-

RR vs MI: बारसापारा में बल्लेबाज मचाएंगे गदर या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड

ड्रिंक एंड ड्राइव केस में फंसे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व धाकड़ बैटर David Warner

DC को लगा झटका, मिचेल स्टार्क की वापसी में होगी देरी, जानें कब मैदान पर लौटेंगे

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola