ePaper

अमेरिकी सरजमीं पर वेस्टइंडीज से विश्वकप का बदला लेने उतरेगा भारत

Updated at : 26 Aug 2016 3:58 PM (IST)
विज्ञापन
अमेरिकी सरजमीं पर वेस्टइंडीज से विश्वकप का बदला लेने उतरेगा भारत

फोर्ट लाडेरडेल : भारत और वेस्टइंडीज शनिवार अमेरिकी सरजमीं पर पहले क्रिकेट मुकाबले में आमने सामने होंगी तो ‘भद्रजनों के इस खेल’ को नये बाजार तक पहुंचाने पर आईसीसी की नजरें टिकी होंगी. भारत और वेस्टइंडीज के बीच अगले दो दिन दो टी20 मैच खेले जायेंगे. भारतीय टीम अमेरिका में पहली बार कोई प्रतिस्पर्धी मैच […]

विज्ञापन

फोर्ट लाडेरडेल : भारत और वेस्टइंडीज शनिवार अमेरिकी सरजमीं पर पहले क्रिकेट मुकाबले में आमने सामने होंगी तो ‘भद्रजनों के इस खेल’ को नये बाजार तक पहुंचाने पर आईसीसी की नजरें टिकी होंगी. भारत और वेस्टइंडीज के बीच अगले दो दिन दो टी20 मैच खेले जायेंगे. भारतीय टीम अमेरिका में पहली बार कोई प्रतिस्पर्धी मैच खेलेगी.

कैरेबियाई सरजमीं पर चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला जीतने के बाद भारतीय टीम यहां पहुंची है. टी20 टीम की कमान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में होगी. ये मैच ब्रोवार्ड रीजनल पार्क पर खेले जायेंगे जो अमेरिका में एकमात्र आईसीसी से मान्यता प्राप्त वनडे स्टेडियम है. इस पर पिछले महीने कैरेबियाई प्रीमियर लीग के छह मैच हो चुके हैं.
भारत की 14 सदस्यीय टीम में 11 नियमित खिलाडियों की वापसी होगी जिन्हें मई में जिम्बाब्वे दौरे से आराम दिया गया था. टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके धौनी को 2016 में सिर्फ सात और मैच खेलने हैं जिनमें दो टी20 वेस्टइंडीज के खिलाफ और पांच वनडे न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत में होंगे.
धौनी ने मई में जिम्बाब्वे दौरे पर युवा टीम की कमान संभाली थी और टी20 तथा वनडे दोनों श्रृंखलायें जीती थी. दो मैचों की यह श्रृंखला अमेरिका में आने वाले समय में सालाना श्रृंखला का रुप ले सकती है ताकि क्रिकेट को नया बाजार और दर्शक मिल सके.
भारत ने भले ही टेस्ट श्रृंखला 2-0 से जीत ली हो लेकिन टेस्ट टीम के खिलाड़ी अभ्यास के बिना यहां पहुंचे हैं क्योंकि वर्षाबाधित चौथे टेस्ट में आखिरी चार दिन कोई खेल नहीं हुआ. भारत के कोच अनिल कुंबले को टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है. धोनी के साथ यह उनकी पहली श्रृंखला होगी. कुंबले ने कहा ,‘‘ मैं पहली बार एमएस के साथ काम करुंगा. हमने साथ में काफी क्रिकेट खेली है और हमने कल और आज बात भी की. मुझे उसके और नये खिलाडियों के साथ काम करने का इंतजार है.
जसप्रीत बुमरा भी यहां पहुंचा है. मैने आईपीएल में उसके साथ काम किया है और भारतीय ड्रेसिंग रुम का फिर हिस्सा बनने की खुशी है.” वेस्टइंडीज टीम का फोकस कार्लोस ब्रेथवेट पर होगा जिसे डेरेन सैमी की जगह कप्तान बनाया गया है. वेस्टइंडीज भले ही टी20 विश्व कप जीता हो लेकिन इससे डेरेन सैमी की कप्तानी नहीं बच सकी. दूसरी ओर टी20 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी ओवर में चार छक्के लगाकर ब्रेथवेट हीरो बन गए.
उन्होंने कहा ,‘‘ इस टीम की कमान संभालना आसान होगा. मुझे अहम के टकरावों का सामना नहीं करना पड़ेगा.” भारत ने हाल ही में टी20 श्रृंखलाओं में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका को हराया और एशिया कप जीता. भारतीय टीम के जेहन में टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से मिली हार का बदला चुकता करना भी होगा.
टीमें :
भारत :
महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, अमित मिश्रा, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमरा, केएल राहुल, मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, रोहित शर्मा, शिखर धवन, स्टुअर्ट बिन्नी , उमेश यादव, विराट कोहली.
वेस्टइंडीज :
कार्लोस ब्रेथवेट (कप्तान), आंद्रे फ्लेचर, आंद्रे रसेल, क्रिस गेल, ड्वेन ब्रावो, एविन लुईस, जासन होल्डर, जानसन चार्ल्स, कीरोन पोलार्ड, लैंडल सिमंस, मर्लोन सैमुअल्स, सैमुअल बद्री, सुनील नारायण.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola