कोहली टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष दस से बाहर, अश्विन आठवें स्थान पर
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 25 Aug 2015 1:42 PM
दुबई : आईसीसी की नवीनतम रैंकिंग में भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली टॉप टेन बल्लेबाजों की सूची से गायब हो गये हैं, जबकि श्रीलंका दौरे में शानदार गेंदबाजी करके आर अश्विन गेंदबाजी रैंकिंग में आठवें और हरफनमौला क्रिकेटरों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गये हैं. श्रीलंका के कुमार संगकारा रैंकिंग में […]
दुबई : आईसीसी की नवीनतम रैंकिंग में भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली टॉप टेन बल्लेबाजों की सूची से गायब हो गये हैं, जबकि श्रीलंका दौरे में शानदार गेंदबाजी करके आर अश्विन गेंदबाजी रैंकिंग में आठवें और हरफनमौला क्रिकेटरों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गये हैं.
श्रीलंका के कुमार संगकारा रैंकिंग में सातवें स्थान से क्रिकेट से विदा हुए. वहीं आस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क अपने आखिरी टेस्ट के बाद रैंकिंग में 25वें स्थान पर रहे. संगकारा दिसंबर 2007 में टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंचे थे. वह 97 टेस्ट और 812 दिन तक नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज रहे. आखिरी बार वह दिसंबर 2014 में शीर्ष पर पहुंचे थे और बाद में एबी डिविलियर्स ने उनकी जगह ली. क्लार्क अगस्त 2009 में रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे थे और आखिरी बार फरवरी 2013 में चोटी पर रहे.
वह कुल 11 टेस्ट और 70 दिन तक टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग के सरताज रहे. भारत के अजिंक्य रहाणे दो पायदान चढ़कर 20वें स्थान पर पहुंच गये जबकि श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने भी दो पायदान चढ़कर 34वें स्थान पर पहुंचे. इंग्लैंड के मोईन अली दो पायदान चढ़कर 48वें स्थान पर पहुंचे. लोकेश राहुल 30 पायदान की छलांग लगाकर 87वें स्थान पर पहुंचे जबकि विकेटकीपर रिधिमान साहा 15 पायदान चढ़कर 100वें स्थान पर पहुंच गये.
आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में आस्ट्रेलिया के मिशेल जानसन दो पायदान चढकर छठे स्थान पर हैं जबकि कोलंबो टेस्ट में सात विकेट लेने वाले अश्विन आठवें स्थान पर हैं.भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा 42 पायदान चढ़कर कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 39वीं रैंकिंग पर हैं. अश्विन हरफनमौला क्रिकेटर्स की सूची में दूसरे स्थान पर हैं. शीर्ष पर काबिज बांग्लादेश के शाकिब अल हसन से वह 43 अंक ही पीछे हैं. बल्लेबाजों में आस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ शीर्ष पर हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका के डिविलियर्स दूसरे और इंग्लैंड के जो रुट तीसरे स्थान पर हैं. शुक्रवार से शुरू हो रहे तीसरे और आखिरी टेस्ट में भारत अगर 2 – 1 से जीत जाता है तो न्यूजीलैंड को पछाड़कर रैंकिंग में पांचवें स्थान पर आ जायेगा. श्रीलंका जीतने पर भारत की जगह छठे स्थान पर आ जायेगा. ड्रा की स्थिति में भारत छठे स्थान पर ही रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










