ePaper

ऑस्ट्रेलिया को 2020 टेस्ट शृंखला में हराना आसान नहीं : सौरव गांगुली

Updated at : 28 Dec 2019 7:37 PM (IST)
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया को 2020 टेस्ट शृंखला में हराना आसान नहीं : सौरव गांगुली

नयी दिल्ली : बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया को अगले साल उसके घरेलू मैदान पर टेस्ट शृंखला में हराना 2018-19 के मुकाबले ज्यादा चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि तब उनकी टीम में स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर जैसे दिग्गज मौजूद नहीं थे. भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया में पिछले दौरे पर टेस्ट शृंखला […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया को अगले साल उसके घरेलू मैदान पर टेस्ट शृंखला में हराना 2018-19 के मुकाबले ज्यादा चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि तब उनकी टीम में स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर जैसे दिग्गज मौजूद नहीं थे.

भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया में पिछले दौरे पर टेस्ट शृंखला जीतकर 71 साल के सूखे को खत्म किया था. उस समय स्मिथ और वार्नर गेंद से छेड़छाड़ के मामले में दोषी पाये जाने के कारण टीम से बाहर थे.

गांगुली ने वार्नर और स्मिथ का जिक्र करते कहा, मुझे लगता है कि यह (2020 टेस्ट शृंखला) टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी. मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि कोहली ने अपने लिये जो मानक तय किये है उस मुताबिक वह भी मानते होंगे कि 2018 की ऑस्ट्रेलियाई टीम उनके समय की सबसे मजबूत टीम नहीं थी.

भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक खेले जाने वाले टी20 विश्व कप से शुरु होगा. पूर्व कप्तान ने कहा, वह अक्टूबर में जिस चीज का सामना करने जा रहे है उसमें अधिक समय नहीं बचा है. यह अलग होने वाला है क्योंकि यह पूरी ताकत वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम है. उनके पास (भारत) ऐसी टीम है जो ऑस्ट्रेलिया को हरा सकती है.

उन्हें बस खुद पर भरोसा रखना होगा. उन्होंने कहा, मैं इसका इंतजार कर रहा हूं, आपको पता है कि जब मैं कप्तान बना था तो यह मेरा लक्ष्य था कि सर्वश्रेष्ठ टीमों का सामना करूं और मुझे 2003 का ऑस्ट्रेलियाई दौरा याद है. हम शानदार टीम थे और इस टीम के पास भी ऐसा करने की क्षमता है.

गांगुली की कप्तानी में भारत ने शृंखला को 1-1 से ड्रॉ कराया था, लेकिन उस शृंखला में ऑस्ट्रेलिया टीम में ग्लेन मैकग्रा और शेन वार्न शामिल नहीं थे. गांगुली ने कहा कि भारतीय टीम के पास वह सब कुछ है जिससे वे ऑस्ट्रेलिया को उनके घर में हरा सकते है.

उन्होंने कहा, ‘उनके पास तेज गेंदबाज है, स्पिनर है , विराट कोहली की तरह का चैम्पियन खिलाड़ी है. रहाणे ने पिछले तीन-चार महीने पर शानदार प्रदर्शन किया है और अब रोहित शर्मा पारी का आगाज कर रहे.

भारतीय टीम 2018 में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में टेस्ट शृंखला हार गयी थी लेकिन गांगुली को उम्मीद है कि टीम जब अगली बार वहां जाएगी तब अच्छा प्रदर्शन करेगी. उन्होंने कहा, मुझे उम्मीद है कि वे इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट शृंखला जीतेंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola