आस्ट्रेलिया में डे-नाइट टेस्ट खेलने के लिए तैयार हैं कप्तान कोहली, मगर रखी एक शर्त
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :21 Nov 2019 2:09 PM (IST)
विज्ञापन

कोलकाताः भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि अगले साल आस्ट्रेलिया में वह दिन रात का टेस्ट खेलने को तैयार है बशर्ते टीम को एक अभ्यास खेलने को मिले. भारतीय टीम ने 2017-18 के आस्ट्रेलिया दौरे पर दिन रात का टेस्ट खेलने से इनकार कर दिया था. अब यहां शुक्रवार से बांग्लादेश के खिलाफ वह […]
विज्ञापन
कोलकाताः भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि अगले साल आस्ट्रेलिया में वह दिन रात का टेस्ट खेलने को तैयार है बशर्ते टीम को एक अभ्यास खेलने को मिले. भारतीय टीम ने 2017-18 के आस्ट्रेलिया दौरे पर दिन रात का टेस्ट खेलने से इनकार कर दिया था. अब यहां शुक्रवार से बांग्लादेश के खिलाफ वह पहला दिन रात का टेस्ट खेलने जा रहे हैं.
यह पूछने पर कि क्या अगले साल के दौरे पर वह आस्ट्रेलिया में दिन रात का टेस्ट खेलेंगे, कोहली ने हां में जवाब दिया लेकिन कहा कि उनकी एक शर्त है. उन्होंने कहा कि जब भी यह होगा, इससे पहले एक अभ्यास मैच रखना होगा. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने 2017-18 में एडीलेड में दिन रात का टेस्ट खेलने से इनकार कर दिया था क्योंकि टीम को अनुकूलन के लिये अभ्यास मैच नहीं मिला था.
उन्होंने कहा कि हम गुलाबी गेंद से क्रिकेट खेलना चाहते थे. अब ऐसा हो रहा है. एक बड़े दौरे पर अचानक यह नहीं हो सकता कि हम गुलाबी गेंद से खेले बिना ही टेस्ट खेलने को तैयार हो जायें. हमने गुलाबी गेंद से कोई प्रथम श्रेणी मैच भी नहीं खेला था. यह पूछने पर कि उनका इरादा कैसे बदला, उन्होंने कहा कि वह इसलिये तैयार हुए क्योंकि लंबे समय से बातचीत चल रही थी और उन्हें अचानक नहीं बताया गया.
कोहली ने कहा कि आप दो दिन पहले अचानक नहीं कह सकते कि गुलाबी गेंद से खेलना है. इसके लिये तैयारी चाहिये होती है. एक बार आदत बन जाने पर कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने कहा कि हम अपने देश में गुलाबी गेंद से टेस्ट खेल रहे हैं. देखना होगा कि यह कैसा रहता है. इसके बाद हम बाहर किसी अहम टेस्ट श्रृंखला में इससे खेल सकते हैं.
ओस की भूमिका के बारे में उन्होंने कहा कि देर वाले सत्र में ओस की भूमिका होगी. हम उस समय देखेंगे कि कैसे निपटना है. भारत में और दूसरे देश में दिन रात का टेस्ट खेलने में यही फर्क है. इसके अलावा कोई फर्क नहीं दिखता. इसमें हमें फैसले अधिक सटीक लेने होंगे और कहीं कोई कोताही की गुंजाइश नहीं होगी.
कोलकाता में गुलाबी गेंद वाले टेस्ट को लेकर बनी हाइप की तुलना उन्होंने टी-20 विश्व कप 2016 में भारत पाकिस्तान मैच से की. उन्होंने कहा कि आखिरी बार इतना उत्साह तभी देखने को मिला था. सभी बड़े सितारे आये थे और उन्हें सम्मानित किया गया था. स्टेडियम खचाखच भरा था. अभी भी ऐसा ही माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










