ePaper

पहले टी20 में हार के बाद भी भारत का मनोबल कम नहीं हुआ : कृणाल पांड्या

Updated at : 26 Feb 2019 3:53 PM (IST)
विज्ञापन
पहले टी20 में हार के बाद भी भारत का मनोबल कम नहीं हुआ : कृणाल पांड्या

बेंगलुरू : भारतीय ऑलराउंडर कृणाल पांड्या ने मंगलवार को जोर देते हुए कहा कि टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला का पहला मैच गंवाने के बाद भारतीय टीम ने लय नहीं खोयी है और विजाग में 126 रन के स्कोर का बचाव करने में ‘लगभग सफल’ रहने से टीम का मनोबल बढ़ा है. इस मैच में कृणाल सर्वश्रेष्ठ […]

विज्ञापन

बेंगलुरू : भारतीय ऑलराउंडर कृणाल पांड्या ने मंगलवार को जोर देते हुए कहा कि टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला का पहला मैच गंवाने के बाद भारतीय टीम ने लय नहीं खोयी है और विजाग में 126 रन के स्कोर का बचाव करने में ‘लगभग सफल’ रहने से टीम का मनोबल बढ़ा है.

इस मैच में कृणाल सर्वश्रेष्ठ स्पिनर रहे जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और मैच को अंतिम ओवर तक खींचा. बुधवार को यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले दूसरे और अंतिम टी20 मैच की पूर्व संध्या पर कृणाल ने कहा, यह शानदार गेंदबाजी प्रयास था.

सभी ने योगदान दिया और हमने कम स्कोर का लगभग बचाव कर लिया था. हमें सिर्फ अपनी बल्लेबाजी को लेकर अधिक सतर्क होने की जरूरत है. इस 27 वर्षीय ऑलराउंडर ने कहा, बुधवार को काफी महत्वपूर्ण मैच है और हम 0-1 से पिछड़े हुए हैं, लेकिन मैं यह नहीं कहूंगा कि हमने लय गंवा दी है.

इसे भी पढ़ें…

विजाग की हार का बदला लेने कल कंगारुओं के सामने होगी टीम इंडिया

हम उस रात हार गए थे, लेकिन हम लगातार दो मैच नहीं हारने वाले. मुझे यकीन है कि हम बुधवार को अच्छा प्रदर्शन करेंगे. नवंबर में पदार्पण करने के बाद से कृणाल को नियमित रूप से भारत की टी20 टीम की अंतिम एकादश में जगह मिलती रही है. कृणाल ने 10 मैचों में 30 के औसत से 11 विकेट चटकाए हैं और इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में 36 रन देकर चार विकेट रहा.

उन्होंने 10 मैचों में सिर्फ पांच बार बल्लेबाजी की और 23 . 33 के औसत से 70 रन बनाए. यह पूछने पर कि क्या वह पिछले मैच के सातवें नंबर की तुलना में बेहतर क्रम पर बल्लेबाजी करना चाहेंगे तो कृणाल ने कहा, ईमदारी से कहूं तो मैं इस बारे में नहीं सोच रहा कि मुझे कौन से नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए.

मेरा ध्यान सिर्फ उन चीजों पर है जो मेरे हाथ में हैं, फिर स्थिति चाहे कुछ भी हो. मैं गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देना चाहता हूं. कृणाल ने कहा कि भारत विजाग में सिर्फ पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ उतरा था और ऐसे में टीम में कुछ कामचलाऊ गेंदबाजों का होना सही रहेगा.

इसे भी पढ़ें…

धीमी बल्‍लेबाजी पर ट्रोल हुए धौनी, आंकड़े कहते हैं कुछ और…

उन्होंने कहा, जो पांचों गेंदबाज खेले वे स्तरीय गेंदबाज थे. अपने दिन वे सभी मैच विजेता हैं. अगर आपके पास विकल्प है तो यह अच्छा है लेकिन हम जिस भी संयोजन के साथ उतरे हम उसके साथ खुश हैं. कृणाल ने रविवार के प्रदर्शन के लिए ऑस्ट्रेलिया की तारीफ भी की. उन्होंने कहा, हतिहास गवाह है कि उनकी टीम प्रतिस्पर्धी है और हमें पता है कि मैदान पर कदम रखने पर वे हमेशा शत प्रतिशत प्रयास करते हैं. यहां का विकेट अच्छा है.

निश्चित तौर पर यह विजाग से बेहतर होगा. इसलिए हमें अधिक रन बनने की उम्मीद है. कृणाल को पता है कि टीम की विश्व कप योजना में शायद उन्हें जगह नहीं मिले और ध्यान 50 ओवर की टीम को अंतिम रूप देने पर लगा होने के बावजूद कृणाल ने कहा कि दूसरा टी20 काफी महत्वपूर्ण है. इससे पहले भारतीय टीम ने कप्तान विराट कोहली की अगुआई में कड़ी ट्रेनिंग की.

कप्तान कोहली नेट्स पर शिखर धवन के साथ सबसे पहले बल्लेबाजी करने उतरे और फिर थ्रोडाउन का भी सामना किया. शृंखला के लिए मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव और भुवनेश्वर कुमार को आराम दिया गया है, लेकिन ये तीनों राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग कर रहे हैं और कुछ देर के लिए नेट्स पर टीम के अपने साथियों के पास जुड़े. शमी ने गेंदबाजी सत्र के दौरान काफी गेंदबाजी की.

धवन को पहले मैच में आराम दिया गया था जबकि लोकेश राहुल और रोहित शर्मा ने पारी का आगाज किया था, लेकिन अभ्यास सत्र से कोई संकेत नहीं मिला कि बुधवार को सलामी जोड़ीदार कौन होंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola