#NZvBAN : साउदी और टेलर के दम पर न्यूजीलैंड ने किया बांग्लादेश का सूपड़ा साफ

ड्यूनेडिन (न्यूजीलैंड) : टिम साउदी के छह विकेट और रोस टेलर के रिकॉर्ड अर्धशतक की मदद से न्यूजीलैंड ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बुधवार को यहां बांग्लादेश को 88 रन से करारी शिकस्त देकर शृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. बांग्लादेश के सामने 331 रन का लक्ष्य था, लेकिन शब्बीर […]
ड्यूनेडिन (न्यूजीलैंड) : टिम साउदी के छह विकेट और रोस टेलर के रिकॉर्ड अर्धशतक की मदद से न्यूजीलैंड ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बुधवार को यहां बांग्लादेश को 88 रन से करारी शिकस्त देकर शृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. बांग्लादेश के सामने 331 रन का लक्ष्य था, लेकिन शब्बीर रहमान (102) के करियर के पहले शतक के बावजूद उसकी टीम 47.2 ओवर में 242 रन पर आउट हो गयी.
न्यूजीलैंड के पिछले छह वनडे में टीम से बाहर रहे साउदी ने 65 रन देकर छह विकेट लिये जबकि ट्रेंट बोल्ट ने 37 रन देकर दो विकेट हासिल किये. इससे पहले टेलर ने 81 गेंदों पर 69 रन बनाये और वह न्यूजीलैंड की तरफ से वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये. टेलर के अलावा हेनरी निकोल्स (64) और टॉम लेथम (59) ने भी अर्धशतक जमाये.
जेम्स नीशाम (24 गेंदों पर 37 रन) और कोलिन डि ग्रैंडहोम (15 गेंदों पर नाबाद 37 रन) ने अंतिम क्षणों में तूफानी बल्लेबाजी करके टीम का स्कोर छह विकेट पर 330 रन पर पहुंचाया. बांग्लादेश की तरफ से मुस्ताफिजुर रहमान सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने दो विकेट लिये, लेकिन इसके लिए उन्होंने 10 ओवर में 93 रन लुटाये.
टेलर ने अपने वनडे करियर का 47वां अर्धशतक जमाया और इस बीच इस प्रारूप में अपनी रन संख्या 8,026 पर पहुंचायी. उन्होंने स्टीफन फ्लेमिंग (8007) को पीछे छोड़ा. इस 34 वर्षीय बल्लेबाज ने 203 पारियों में 48.34 की औसत से ये रन बनाये हैं. साउदी ने अपने पहले दो ओवरों में ही तीन विकेट लेकर बांग्लादेश का शीर्ष क्रम झकझोर दिया.
एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर दो रन था. मुशफिकुर रहीम (17) और महमुदुल्लाह (16) दोनों के आउट होने से 61 रन तक बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन में विराजमान हो गयी. ऐसे में रहमान ने मोहम्मद सैफुद्दीन (44) ने छठे विकेट के लिए 101 रन और मेहदी हसन मिराज (37) के साथ आठवें विकेट के लिए 57 रन की दो साझेदारियां की, लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हो पाया. रहमान ने अपनी पारी में 110 गेंदें खेली तथा 10 चौके और दो छक्के लगाये.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




