ePaper

#INDvBAN : धवन ने जमाया लगातार दूसरा अर्धशतक, भारत ने बांग्‍लादेश को 6 विकेट से रौंदा

Updated at : 08 Mar 2018 6:58 PM (IST)
विज्ञापन
#INDvBAN : धवन ने जमाया लगातार दूसरा अर्धशतक, भारत ने बांग्‍लादेश को 6 विकेट से रौंदा

कोलंबो : बायें हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन के एक और अर्धशतक से भारत ने आज यहां बांग्लादेश को छह विकेट से हराकर निधास ट्रॉफी त्रिकोणीय टी20 शृंखला में अपनी पहली जीत दर्ज की. भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश के बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया और पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाली उसकी टीम को […]

विज्ञापन

कोलंबो : बायें हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन के एक और अर्धशतक से भारत ने आज यहां बांग्लादेश को छह विकेट से हराकर निधास ट्रॉफी त्रिकोणीय टी20 शृंखला में अपनी पहली जीत दर्ज की. भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश के बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया और पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाली उसकी टीम को आठ विकेट पर 139 रन ही बनाने दिये.

बांग्लादेश की तरफ से लिट्टन दास ने सर्वाधिक 34 और शब्बीर रहमान ने 30 रन बनाये. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा फिर से नाकाम रहे लेकिन बायें हाथ के बल्लेबाज धवन ने 43 गेंदों पर 55 रन बनाये जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल हैं.

उन्होंने सुरेश रैना (28) के साथ तीसरे विकेट के लिये 68 रन की साझेदारी की. मनीष पांडे ने नाबाद 27 रन की तेजतर्रार पारी खेली जिससे भारत ने 18.4 ओवर में चार विकेट पर 140 रन बनाकर बांग्लादेश के खिलाफ इस प्रारूप में अपना शत प्रतिशत रिकार्ड बरकरार रखा.

भारत की यह टी20 में बांग्लादेश पर छठी जीत है. पहले मैच में मेजबान श्रीलंका से हारने वाले भारत की जीत की नींव गेंदबाजों ने रखी. आईपीएल में बिके महंगे खिलाड़ियों में से एक जयदेव उनादकट ने 38 रन देकर तीन जबकि अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल रहे तमिलनाडु के ऑलराउंडर विजय शंकर ने चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिये.

लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (19 रन देकर एक), शार्दुल ठाकुर (25 रन देकर एक) और वाशिंगटन सुंदर (23 रन देकर कोई विकेट नहीं) ने किफायती गेंदबाजी की. भारत का क्षेत्ररक्षण हालांकि अच्छा नहीं रहा और वह बांग्लादेश के बल्लेबाज थे जिन्होंने लचर प्रदर्शन करके मौकों का फायदा नहीं उठाया.

दास तब दोहरे अंक में भी नहीं पहुंचे थे जब रैना और शंकर ने उनको जीवनदान दिया. रोहित की खराब फार्म बरकरार रही. पिछली छह अंतरराष्ट्रीय पारियों में वह केवल 64 रन बना पाये हैं. आज भी उन्होंने अच्छी शुरुआत की लेकिन मुशफिकर रहीम की गेंद पर लेट कट करने के प्रयास में बोल्ड हो गये.

रोहित ने 17 रन बनाये. युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत (सात) भी नहीं चल पाये. उन्होंने रूबेल हुसैन की गेंद विकेटों पर खेली जिससे भारत का स्कोर पावरप्ले में ही दो विकेट पर 40 रन हो गया.

पिछले मैच में 90 रन की पारी खेलने वाले धवन ने फिर से जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने तास्किन अहमद और महमुदुल्लाह पर भी छक्के लगाये और नजमुल इस्लाम की गेंद चार रन के लिये भेजकर अपना छठा अर्धशतक पूरा किया. रैना जब एक रन पर थे तब उन्हें जीवनदान मिला. उनकी पारी का आकर्षक शाट मेहदी हसन पर लगाया गया चौका था.

रैना और धवन के आउट होने के बाद पांडे और दिनेश कार्तिक (नाबाद दो) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया. इससे पहले भारत ने पहले पांच ओवरों में ही सौम्य सरकार (14) और आक्रामक बल्लेबाज तमीम इकबाल (15) की सलामी जोड़ी को पवेलियन भेजकर बांग्लादेश को दबाव में ला दिया था.

चहल ने उनादकट की गेंद पर सरकार का खूबसूरत कैच लिया जबकि तमीम ने ठाकुर की गेंद पर आसान कैच थमाया. शंकर ने मुशफिकर रहीम (18) को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला विकेट लिया.

अपने अगले ओवर में उन्होंने कप्तान महमुदुल्लाह (एक) को भी पवेलियन भेजा. बांग्लादेशी बल्लेबाज शुरू से चहल की फिरकी को समझने में नाकाम रहे जिन्होंने दास के रूप में अपना एकमात्र विकेट लिया. निचले क्रम में शब्बीर रहमान ने कुछ अच्छे शाट लगाये जिससे टीम थोड़ा सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पायी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola