ePaper

PHOTO : देखते रह जाएंगे पलामू-लातेहार की सीमा पर औरंगा-कोयल संगम केचकी की खूबसूरती

Updated at : 09 Dec 2022 4:15 PM (IST)
विज्ञापन
PHOTO : देखते रह जाएंगे पलामू-लातेहार की सीमा पर औरंगा-कोयल संगम केचकी की खूबसूरती

Jharkhand Tourism: पलामू प्रमंडल पर्यटन के लिहाज से समृद्ध है. यहां की खूबसूरत वादियां देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं. प्रभात खबर पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयासरत है. पर्यटन स्थलों में एक है औरंगा-कोयल नदी संगम केचकी. इसकी खूबसूरती पर्यटकों का मन मोह लेती है.

विज्ञापन
undefined

पलामू और लातेहार की सीमा पर स्थित पलामू प्रमंडल की लाइफलाइन कोयल व औरंगा नदी का संगम स्थल केचकी पर्यटन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है. खूबसूरत वादियों से लबरेज यह संगम स्थल हर वर्ष लाखों पर्यटकों को अपनी ओर खींच लाता है. फुर्सत के क्षणों में लोग अपने रिश्तेदारों और मित्रों के साथ यदि कहीं घूमने अथवा पिकनिक मनाने की सोचते हैं तो उनकी पहली पसंद केचकी संगम ही होता है. यहां आते ही लोग अपनी परेशानी और गम को भूल जाते हैं और यहीं का होकर रह जाते हैं. घंटों समय बिताने के बाद भी लोगों को वापस लौटने का मन नहीं होता है.

undefined

सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह काफी सुरक्षित है. लोग यहां अपने बच्चों के साथ पहुंचते हैं और न केवल खूबसूरत वादियों को निहारते हैं, बल्कि बालू पर बैठकर पिकनिक का भरपूर आनंद लेते हैं. पलामू व लातेहार जिले को बांटने वाली औरंगा व कोयल नदियों का संगम देख लोग रोमांचित हो जाते हैं. दो बड़ी नदियों का एक हो जाने का दृश्य देखना दिल को छू जाता है. मनोहर दृश्य को देखकर लोग बेहद खुश होते हैं.

undefined

रात्रि में इस संगम तट पर विश्राम करने वाले पर्यटकों के लिए वन विभाग के द्वारा व्यवस्था की गयी है. यहां वन विभाग का रेस्ट हाउस बनाया गया है. हालांकि यह काफी पुराना है फिर भी यहां आने वाले कई पर्यटक यहां रुकना पसंद करते हैं. पर्यटन स्थलों की सैर के बाद लोग सुकून से वक्त गुजारते हैं. औरंगा नदी पर बनाये गये रेलवे पुल से ट्रेन को गुजरता हुआ देखना भी काफी रोमांचित करता है. खासकर बच्चों को यह काफी पसंद आता है. इसके अलावा घंटों नदियों में स्नान करना और वहां की रेत पर खेलना-दौड़ना भी यादगार पल होता है. यहां की पहाड़ियों को देखना भी दिल को काफी सुकून देता है.

undefined

केचकी संगम स्थल फिल्मी सितारों को भी काफी लुभाता है. फिल्म निर्देशकों ने यहां पर फिल्मों की शूटिंग की है.1973-74 में फिल्म निर्देशक सत्यजीत रे के निर्देशन में मशहूर अदाकारा शर्मिला टैगोर यहां पहुंची थीं. बांग्ला फिल्म अरण्येर दिन रात्रि की शूटिंग करके केचकी संगम स्थल को काफी लोकप्रिय बना दिया था. नाना पाटेकर सहित अन्य कलाकारों ने आज के रॉबिनहुड फिल्म की शूटिंग की थी. इतना ही नहीं शत्रुघ्न सिन्हा, राज बब्बर सहित कई फिल्मी सितारों के अलावा कई संगीतकार भी यहां पहुंच चुके हैं. कई अन्य फिल्म, कई टेलीफिल्म व एल्बम की भी शूटिंग यहां हुई है. आज भी कई महान हस्तियों का आगमन यहां होता रहता है.

undefined

पर्यटकों की सुविधा के लिए पीटीआर प्रबंधन के द्वारा भी कई महत्वपूर्ण कार्य किये जा रहे हैं. कई आधुनिक सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए विभागीय प्रयास जारी है. वर्तमान समय में कॉटेज बनाने की व्यवस्था की जा रही है. लोगों को टेंट की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. लोग खुले आसमान में यहां रातें बिता सकें, इसकी भी व्यवस्था की जा रही है.

undefined

केचकी का संगम स्थल पलामू के मेदिनीनगर से 15 किलोमीटर दूर है. बेतला से दूरी करीब सात किलोमीटर है. मेदिनीनगर या रांची से आने के क्रम में दुबिया खाड़ से होकर यहां पहुंचा जा सकता है. दुबिया खाड़ से इसकी दूरी छह किलोमीटर है. यहां तक पहुंचने का मार्ग सुगम है. केचकी स्टेशन पर भी उतर कर यहां पहुंचा जा सकता है. ठहरने के लिए बेतला में एक से बढ़कर एक रेस्ट हाउस हैं.

रिपोर्ट: संतोष कुमार, बेतला, लातेहार

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola