ePaper

FIFA World Cup 2022: फ्रांस को हराकर भी ट्यूनीशिया वर्ल्ड कप से बाहर, ऑस्ट्रेलिया प्री क्वार्टर फाइनल में

Updated at : 01 Dec 2022 7:55 AM (IST)
विज्ञापन
FIFA World Cup 2022: फ्रांस को हराकर भी ट्यूनीशिया वर्ल्ड कप से बाहर, ऑस्ट्रेलिया प्री क्वार्टर फाइनल में

फीफा वर्ल्ड कप में बुधवार को फ्रांस को ट्यूनीशिया के खिलाफ 0-1 की हार का सामना करना पड़ा. लेकिन इस जीत के बावजूद ट्यूनीशिया टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई जबकि ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप डी के एक अन्य मैच में डेनमार्क को 1-0 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया.

विज्ञापन
undefined

FIFA World Cup 2022: फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट में पहले ही जगह बना चुके गत चैंपियन फ्रांस को बुधवार को शुरुआती एकादश में नौ बदलाव का खामियाजा ट्यूनीशिया के खिलाफ 0-1 की हार के साथ भुगतना पड़ा. लेकिन इस जीत के बावजूद ट्यूनीशिया टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई जबकि ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप डी के एक अन्य मैच में डेनमार्क को 1-0 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया.

undefined

दोहा के एजुकेशन सिटी स्टेडियम में दुनिया की 30वें नंबर की टीम ट्यूनीशिया ने फ्रांस पर अधिकांश समय दबदबा बनाए रखा और कप्तान वाहबी खाजरी ने 58वें मिनट में मौजूदा टूर्नामेंट में टीम का पहला गोल दागकर उसे जीत दिलाई. इस हार से भले ही ग्रुप में फ्रांस की स्थिति पर असर नहीं पड़ा हो, लेकिन निश्चित तौर पर वर्ल्ड कप में यह शिकस्त उसके लिए शर्मनाक है.

Also Read: National Sports Awards: दिग्गज टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल खेल रत्न से सम्मानित, 25 को अर्जुन पुरस्कार
undefined

फ्रांस के लिए इंजरी टाइम के आठवें मिनट में एंटोनी ग्रिजमैन ने गोल दाग दिया था लेकिन वह ऑफ साइड हो गए जिससे गोल को नकार दिया गया. दूसरी तरफ अल वाकराह के अल जेनोब स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने मैथ्यू लेकी के 60वें मिनट में दागे गोल से दुनिया की 10वें नंबर की टीम डेनमार्क को ग्रुप चरण से ही बाहर का रास्ता दिखा दिया. लेकी का गोल ऑस्ट्रेलिया और डेनमार्क मुकाबले का आकर्षण रहा.

undefined

लेकी को मैदान के लगभग बीच में पास मिला और वह अकेले ही डेनमार्क की रक्षापंक्ति को भेदते हुए आगे बढ़ते रहे. उन्होंने विरोधी टीम के गोलमुख के समीप पहुंचकर बाएं पैर से शॉट लगाया और डेनमार्क के गोलकीपर कास्पर श्माइकल बाईं ओर कूदने के बावजूद गेंद को गोल में जाने से नहीं रोक पाए. छठी बार विश्व कप में खेल रहे ट्यूनीशिया की विश्व कप में यह सिर्फ तीसरी जीत है और इस दौरान टीम कभी नॉकआउट में जगह नहीं बना पाई.

undefined

उसने पहली जीत 1978 में मैक्सिको के खिलाफ और दूसरी जीत चार साल पहले रूस में पनामा के खिलाफ दर्ज की थी. ऑस्ट्रेलिया की भी विश्व कप के 19 मैचों में यह सिर्फ चौथी जीत है लेकिन इसकी बदौलत टीम 2006 के बाद दूसरी बार नॉकआउट में प्रवेश करने में सफल रही. ग्रुप डी में फ्रांस की टीम ट्यूनीशिया के खिलाफ हार के बावजूद तीन मैच में दो जीत से छह अंक के साथ शीर्ष पर रही.

undefined

ऑस्ट्रेलिया के भी तीन मैच में दो जीत से छह अंक रहे लेकिन फ्रांस की टीम प्लस तीन के गोल अंतर के कारण उससे आगे रही. ऑस्ट्रेलिया का गोल अंतर माइनस एक रहा. ट्यूनीशिया ने अपने अभियान का अंत तीन मैच में एक जीत, एक ड्रॉ और एक हार से चार अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए किया.

undefined

जबकि यूरोपीय चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचा डेनमार्क तीन मैच में एक ड्रॉ और दो हार के बाद एक अंक के साथ निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए अंतिम पायदान पर रहा. चार दिसंबर को होने वाले प्री क्वार्टर फाइनल में अब फ्रांस का सामना ग्रुप सी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा जबकि ऑस्ट्रेलिया ग्रुप सी में शीर्ष पर रहने वाली टीम से भिड़ेगा.

विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

A sports enthusiast with a keen interest in Cricket and Football. Highly self-motivated and willing to contribute ideas and learn new things.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola