बिहार में ड्रग इंस्पेक्टर के घर निगरानी की छापेमारी, मिला तीन करोड़ से अधिक नकद और कई बेनामी फ्लैट

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 25 Jun 2022 8:44 PM

विज्ञापन

बिहार में निगरानी विभाग ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की है. ड्रग इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के पटना और गया स्थित ठिकानों पर की गई इस छापेमारी में चार करोड़ से अधिक नकद एवं अन्य कागजात बरामद हुए.

विज्ञापन

पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को ड्रग इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. यह छापेमारी पटना सिटी के सुल्तानगंज स्थित उनके कार्यालय और आवास, दानापुर के गोला रोड स्थित फॉर्मेसी कॉलेज और गया शहर स्थित फ्लैट में हुई.

नकद राशि का दायरा और अधिक हो सकता

सूत्रों के मुताबिक जितेंद्र कुमार के आवास से चार करोड़ रुपये से अधिक नकद राशि बरामद हुई है. नकद राशि का दायरा और अधिक हो सकता है. इसके अलावा टीम की जांच में सोने-चांदी के आभूषण, जमीन व मकान और इंश्योरेंस पॉलिसीज का पता चला है.

देर शाम तक चली जांच

देर शाम तक चली जांच में उनके व परिजनों के नाम पर पटना और रांची के पॉश इलाके में जमीन व फ्लैट का भी पता चला है. अहले सुबह से लगी निगरानी की टीम शनिवार की देर शाम तक अथाह चल-अचल संपत्ति के आकलन व मूल्यांकन में जुटी रही. इससे पहले ड्रग इंस्पेक्टर के खिलाफ निगरानी थाने में दो करोड़ रुपये आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कराते हुए छापेमारी शुरू की गयी.

नोट गिनने में मशीन हो गयी खराब

जांच के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मलेरिया ऑफिस के समीप खान मिर्जा मुहल्ले में स्थित आवास पर बोरे, दीवान पलंग और कार्टून में छिपा कर रखी गयी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई. दो हजार और पांच सौ रुपये के इन नोटों को गिनने के लिए निगरानी ने पहले करेंसी रीडर मशीन मंगायी. मगर गिनती पूरी होने से पहले ही मशीन खराब हो गयी.

चार करोड़ रुपये के आस पास नकद जब्त 

मशीन खराब होने के बाद निगरानी के अधिकारियों ने अफसरों से बैंक कर्मी को भेजने का आग्रह किया ताकि नोटों की गिनती पूरी की जा सके. बरामद नकदी चार करोड़ रुपये के आस पास बतायी जाती है. आवास पर ढाई किलो चांदी व आधा किलो सोना सहित कई आभूषण भी मिले. विभिन्न इंश्योरेंस कंपनी की पॉलिसी से संबंधित दस्तावेज भी टीम को मिले. सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में ही ड्रग इंस्पेक्टर के कार्यालय को भी निगरानी की टीम ने खंगाला और कई दस्तावेज जब्त किए.

Also Read: मधेपुरा के व्यवसाई से ट्रेन में लूटपाट, हाटे बाजार एक्सप्रेस से दो करोड़ के जेवरात लेकर भागे अपराधी
फार्मेसी कॉलेज से जब्त हुए कई कागजात

ड्रग इंस्पेक्टर दानापुर के गोला रोड में एक फार्मेसी कॉलेज का भी संचालन करते हैं. एक टीम ने बिहार काॅलेज ऑफ फार्मेसी के साथ ही कुसुम हाउस में फ्लैट नंबर 202 में जांच की. कॉलेज के दस्तावेजों की जांच पड़ताल कर उसके आय-व्यय ब्योरे को देखा. इसके साथ ही कुछ दस्तावेज जब्त भी किए. गया शहर के एक अपार्टमेंट में ड्रग इंस्पेक्टर के फ्लैट पर उपलब्ध चल-अचल संपत्ति के दस्तावेजों को भी खंगाला जा रहा है.

जांच में बरामद चल-अचल संपत्ति

  • जलालपुर अपर्णा कॉलोनी दानापुर में 30 लाख की जमीन

  • जहानाबाद नगर निगम क्षेत्र में 33.5 लाख की जमीन

  • मनोरमा अपार्टमेंट गया में 29.5 लाख का फ्लैट संख्या 201

  • धनौत के कुसुम होम अपार्टमेंट में 48.48 लाख रुपये का फ्लैट

  • जलालपुर प्रियदर्शी नगर दानापुर में 62.19 लाख रुपये की जमीन

  • बैंकों में जमा 5.67 लाख रुपये

  • पांच लाख रुपये का विभिन्न वित्तीय संस्थानों में निवेश

  • 19 लाख रुपये मूल्य के बुलेट मोटरसाइकिल, वैगन आर कार, आइ-टेन कार व पोलो कार

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन