Bihar Coronavirus, Lockdown Updates : बिहार में 24 घंटे में कोविड-19 से पांच मरीजों की हुई मौत, 679 पर पहुंची कुल मृतकों की संख्या
Bihar Coronavirus, Lockdown Live Updates : पटना: बिहार के लिए बड़ी राहत की बात है कि कोरोना जांच में अब दो फीसदी से भी कम पॉजिटिव मिले हैं, वहीं कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर लगातार बढ़ रही है़. गुरुवार को एक लाख पांच हजार 766 सैंपलों की जांच की गयी, जिसमें 1998 ही पॉजिटिव पाये गये. इस तरह पॉजिटिविटी दर 1.89% है, जबकि राष्ट्रीय औसत फिर बढ़कर नौ प्रतिशत से अधिक हो गया है. राज्य में पॉजिटिवों की कुल संख्या एक लाख 30 हजार 848 हो गयी है, जिनमें एक लाख 12 हजार 445 लोग ठीक हो चुके हैं. पिछले 24 घंटे में 2749 संक्रमित ठीक हुए़ रिकवरी दर बढ़ कर 85.94% हो गयी है, जबकि राष्ट्रीय औसत करीब 76.50% ही है़ इधर 12 और कोरोना संक्रमित की मौत हो गयी़ अब तक 672 की मौत हो चुकी है़
बिहार में 24 घंटे में कोविड-19 से पांच मरीजों की मौत
बिहार में 24 घंटों में कोरोना मरीजों की मौत में कमी आयी है. पिछले 24 घंटों में मात्र पांच मौतें कोविड-19 से हुई है. इनमें पटना में दो, बेगूसराय में एक, मुजफ्फरपुर में एक और वैशाली में एक कोविड-19 मरीज की मौत हुई है. इसके साथ ही बिहार में कोविड-19 से मरनेवालों की संख्या बढ़ कर 679 हो गयी है.
बिहार में कोरोना मरीजों के ठीक होनेवालों का प्रतिशत बढ़ कर 86.56 हुआ
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के 2087 नये मामले आये. साथ ही 24 घंटे में 2629 लोग स्वस्थ्य होकर घर लौट गये. इसके साथ ही बिहार में रिकवरी रेट बढ़ कर 86.56 फीसदी हो गया है. मालूम हो कि बिहार में अब तक कोरोना पॉजिटिव के एक लाख 32 हजार 935 लोगों में एक लाख 15 हजार 74 लोग ठीक होकर घर लौट गये हैं.
पटना, मधुबनी, अररिया और गोपालगंज में मिले सौ से ज्यादा कोरोना पाॅजिटिव
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के शनिवार को राजधानी पटना में सबसे ज्यादा 315 कोरोना संक्रमित मिले. वहीं, मधुबनी में 112, अररिया में 104 और गोपालगंज में 104 कोरोना संक्रमित पाये गये.
आइजीआइएमएस में मिले 37 कोरोना संक्रमित
आइजीआइएमएस में शुक्रवार को कुल 1535 लोगों की कोरोना की जांच की गयी. इसमें 37 पॉजिटिव पाये गये हैं. इनमें अस्पताल में पहले से भर्ती 3 मरीज भी शामिल हैं. वहीं संस्थान के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ मनीष मंडल ने बताया कि सीतामढ़ी 3, रोहतास 3, बांका 1, शिवहर 6, लखीसराय 7, पटना 2 और अररिया के 12 मरीज शामिल हैं.
प्रतिदिन एक लाख से अधिक सेंपल की हो रही जांच
पटना: राज्य में कोरोना संक्रमण की दर घट रही है और स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. प्रतिदिन एक लाख से अधिक सेंपल की जांच की जा रही है. रिकवरी रेट में भी लगातार वृद्धि हो रही है. बिहार का रिकवरी रेट 85.94 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से लगभग 9.5 प्रतिशत से अधिक है. लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक 14 करोड़ 16 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया गया है. सूचना सचिव अनुपम कुमार ने बताया करीब एक लाख 13 हजार से अधिक वार्डों में लोगों ने मुख्यमंत्री द्वारा पंचायती राज, नगर विकास और पीएचइडी की योजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रम को देखा.
निगम ने कराया फॉगिंग व सैनिटाइजेशन
पटना सिटी. पटना नगर निगम की अजीमाबाद व सिटी अंचल की ओर से सैनिटाइजेशन व फॉगिंग कराने का अभियान चलाया गया. निगम के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कंटेनटमेंट जोन के साथ गलियों में भी निगम की ओर से सैनिटाइजेशन का अभियान चलाया जा रहा है. इसके अलावा वार्ड स्तर पर रोस्टर बना कर फॉगिंग भी करायी जा रही है ताकि संक्रमण की बीमारी का फैलाव रोका जा सके. इसी प्रकार से निगम की बांकीपुर अंचल में मुख्य सफाई निरीक्षक कृष्ण नारायण शुक्ला की देखरेख में जैटिंग मशीन से सैनिटाइजेशन करने का अभियान चलाया गया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए