पटना पुलिस का बड़ा अभियान, 158 गिरफ्तार, 2438 लीटर शराब, गांजा और हथियार बरामद

सांकेतिक तस्वीर
Patna Police Special Campaign: पटना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून को सख्त किया है. इस अभियान के तहत 158 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं. पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब, गांजा, हथियार और नकदी भी बरामद की है. यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Patna Police Special Campaign: (आनंद सिंह कौशिक) राजधानी पटना में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पटना पुलिस ने 16 जुलाई 2026 को विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला, एससी-एसटी एक्ट, शराब तस्करी और अन्य मामलों में कुल 158 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बड़ी मात्रा में विदेशी और देसी शराब, गांजा, स्मैक, हथियार तथा अन्य सामान भी बरामद किया.
158 आरोपित गिरफ्तार, कई गंभीर मामलों के आरोपी शामिल
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान दो हत्या, 21 हत्या के प्रयास, एक पुलिस पर हमला, एक एससी-एसटी एक्ट, 25 अन्य विशेष कांड, 54 अन्य मामलों, 22 शराब तस्करी तथा 32 शराब पीने के मामलों में कुल 158 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया.
2438 लीटर शराब, गांजा, स्मैक और हथियार जब्त
पुलिस अभियान में 1,726.05 लीटर विदेशी शराब और 712 लीटर देसी शराब समेत कुल 2,438.05 लीटर शराब बरामद की गई. इसके अलावा 377 ग्राम गांजा, 11 ग्राम स्मैक, दो अग्नेयास्त्र, चार जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, तीन खोखा, सात वाहन, नौ मोबाइल फोन और 15,010 रुपये नकद जब्त किए गए. पुलिस ने लोहे का पाइप, 120 सीएफटी बालू, एक पिलेट और एक एसी मोटर भी बरामद की.
164 वारंटों का भी किया गया निष्पादन
विशेष अभियान के दौरान न्यायालय से जारी 56 जमानती वारंट, 94 गैर-जमानती वारंट और 14 कुर्की वारंट का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया. पुलिस ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में सघन छापेमारी अभियान चलाया.
इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
पुलिस ने मनेर, रामकृष्णानगर, अगमकुआं, फतुहा, पचमहला, मालसलामी और बिक्रम समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला और अन्य गंभीर मामलों में वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया.
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा कि अपराध नियंत्रण, शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. आम लोगों से भी अपराध और अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










