Weather Updates : झारखंड में 15 अगस्त तक बारिश के आसार, वज्रपात की आशंका, बिहार के चार जिलों में अलर्ट, जानें यूपी-झारखंड सहित देश के अन्य राज्यों का हाल
Weather Today Live Updates : दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में बुधवार शाम जोरदार बारिश हुई जिसके बाद पूरी रात भी रुक-रुक कर बारिश होती रही. बिहार की राजधानी पटना सहित पटना सहित लगभग पूरे राज्य में आज मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. वज्रपात की भी आशंका है. झारखंड में कई जगहों पर हल्के से मध्यम तथा एक-दो जगह पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की हैं. मौसम के हर अपडेट के लिए बनें रहें हमारे साथ…
झारखंड में अगले तीन दिनों तक होगी बारिश
झारखंड में अगले तीन दिनों तक सभी स्थानों पर बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि 15 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है. इधर, रांची व आसपास के क्षेत्रों में, और पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, बाेकारो, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा और लोहरदगा के कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गर्जन और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है.
हरियाणा में दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय
दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय होने के कारण प्रदेश में पिछले तीन से चार दिनों में कुछ स्थानों पर बारिश हो रही है. बारिश के कारण लोगों काे कुछ हद तक बारिश से निजात मिली है. बारिश होने का मुख्य कारण अरब सागर की तरफ से आने वाली नमीयुक्त हवाओं से है. जो राजस्थान के रास्ते हरियाणा में प्रवेश कर रही हैं. जिससे प्रदेश के कुछ स्थानों में बारिश हो रही है.
बिहार के इन इलाकों में बारिश के आसार
बिहार में बीते दो दिनों से जगह-जगह भारी बारिश हो रही है. गुरुवार को भी बारिश जारी रहेगी. जगह-जगह वज्रपात की भी आशंका है. मौसम विभाग के अनुसार मानसून की अक्षीय रेखा बंगाल की खाड़ी में जा रही है. इस कारण आ रही नमी के प्रभाव से गुरुवार तक बारिश होती रहेगी. आज पटना, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, सिवान, सारण, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण व पूर्वी चंपारण सहित राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.
हरियाणा के कई जिलों में हो रही है बारिश
हरियाणा के बहादुरगढ़ में रात को जन्माष्टमी की पूजा-अर्चना कर लोग गहरी नींद में सो गए. करीब एक बजे बारिश शुरू हुई, जो सुबह 11 बजे तक रूकने का नाम नहीं ले रही है. लोग जब सुबह उठे तो कई कालोनियों में गलियों के साथ-साथ घरों में भी पानी घुसा हुआ था. इतना देखकर लोग हैरान रह गए. जिन लोगों के घरों में पानी घुसा हुआ था तो वे पानी निकालने में जुट गए। सुबह प्रशासन भी पानी की निकासी में जुट गया लेकिन प्रशासन के सब इंतजाम धरे के धरे रह गए. शहर में बारिश के लगातार जारी रहने से जलभराव की स्थिति से निपटने के सारे प्रबंध नाकाफी साबित हुए.
हिमाचल प्रदेश में जलजमाव से मुसीबत
बारिश ने जिला ऊना में एक बार फिर कहर बरपाया है. इस बार लोक निर्माण विभाग को मात्र चंद घंटों की बारिश ने गहरे जख्म दिए हैं. मूसलधार बारिश से लाेक निर्माण विभाग ऊना अभी तक करीब 60 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है. इसके लिए अलावा विद्युत विभाग नुकसान के आंकड़े को जुटा रहा है. बारिश से सड़कों पर पेड़ ल्हासे गिरने से यातायात काफी प्रभावित हुआ.बीते रोज बुधवार रात से बंद हुए बडसर पिपलू मार्ग को बहाल नहीं किया जा सका है.
मॉनसून की अक्षरेखा दिल्ली-एनसीआर के करीब
मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून की अक्षरेखा दिल्ली-एनसीआर के करीब बनी हुई है. इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती परिसंचरण है. अरब सागर से उठी दक्षिण-पूर्वी हवाओं और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं से आर्द्रता बनी है. अगले दो-तीन दिनों तक हल्की बारिश जारी रहेगी.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए