Weather Forecast Updates: बिहार-झारखंड-यूपी में बारिश, बदलेगा दिल्ली का मौसम, जानें आज का वेदर
Weather Forecast LIVE Updates: दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तेज हवा चल रही है. हालांकि फिर मौसम के एक बार करवट लेने के आसार हैं. झारखंड-बिहार और यूपी में बारिश की संभावना नजर आ रही हैं. जानें आज का मौसम कैसा रहने की संभावना है.
चारों धाम में मध्यम हिमपात
उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया. चारों धाम में मध्यम हिमपात हुआ है. इसके अलावा हेमकुंड साहिब, औली, हर्षिल समेत गढ़वाल के ज्यादातर ऊंचाई वाले हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई.
केदारघाटी में बदला मौसम, बर्फबारी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
उत्तराखंड के केदार घाटी में एक बार फिर से मौसम ने करवट बदल दिया है. केदारघाटी के सम्पूर्ण क्षेत्र में मौसम बदलने से हिमालयी क्षेत्र सहित केदारनाथ, मदमहेश्वर, तुंगनाथ धाम में बर्फबारी हुई है. निचले क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान में गिरावट महसूस होने के साथ ही जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. आने वाले दिनों में यदि मौसम का मिजाज इसी प्रकार रहा तो सीमान्त क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार बने हुए हैं.
कश्मीर में लगातार हो रही बर्फबारी से उड़ानों का संचालन असंभव
कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी की वजह से खराब मौसम के कारण श्रीनगर हवाईअड्डे पर सभी उड़ानें रद्द हो गयीं. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण श्रीनगर हवाई अड्डे के निदेशक कुलदीप सिंह ने कहा कि सभी एयरलाइनों की सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. घाटी में भारी हिमपात के कारण खराब मौसम और कम दृश्यता के मद्देनजर हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ. उन्होंने कहा कि दृश्यता का स्तर 400 मीटर से कम था और लगातार हो रही बर्फबारी ने उड़ानों के संचालन को असंभव बना दिया.
बर्फबारी के कारण आज के लिए श्रीनगर में सभी उड़ानें रद्द
श्रीनगर में बर्फबारी के कारण आज के लिए सभी एयरलाइनों की सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. यात्रियों को आगामी निर्धारित उड़ानों में समायोजित किया जाएगा. स्कीड उड़ानों सहित कुल 41 उड़ानें रद्द हुई हैं.
कश्मीर घाटी के ज्यादातर हिस्सों में हिमपात से जनजीवन बाधित
कश्मीर घाटी के ज्यादातर हिस्सों में हिमपात के बाद बुधवार को जनजीवन बाधित हो गया. मैदानी हिस्सों में मौसम के पहले हिमपात से विमान और रेल सेवाएं बाधित हो गयीं तथा अहम श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया. अधिकारियों ने यहां बताया कि घाटी के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम से भारी हिमपात हुआ. हिमपात रात को शुरू हुआ और अंतिम खबर मिलने तक जारी था. उन्होंने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश के ऊंचे इलाकों में करीब दो फुट या उससे अधिक बर्फ गिरी. अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में बुधवार को सुबह तक करीब आठ इंच तक बर्फबारी दर्ज की गयी. उन्होंने बताया कि प्राधिकारियों ने सड़कों पर से बर्फ हटाने के लिए कर्मियों को तैनात कर दिया है.
यहां छिटपुट बारिश की संभावना
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की संभावना है. आईएमडी ने 23 फरवरी तक सिक्किम में हल्की या मध्यम वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए