Weather Forecast: दिल्ली में छाएंगे बादल, जानें यूपी-बिहार सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल
Weather Forecast Updates: स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. आने वाले कई घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, दिल्ली-एनसीआर, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में छिटपुट बारिश के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है. मध्य प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण तटीय कर्नाटक, केरल, दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और दक्षिण गुजरात में कही-कहीं बारिश के साथ आंधी चल सकती है.
दिल्ली में छाएंगे बादल
मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 डिग्री सेल्सियस और 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है.मौसम विभाग के हल्की बारिश के पूर्वानुमान के बावजूद शुक्रवार को शहर में शाम साढ़े छह बजे तक बारिश नहीं हुई.
दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को मौसम गर्म रहा और अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी. विभाग के मुताबिक, शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
आंध्र प्रदेश का मौसम
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने शुक्रवार को 48 मंडलों में लू चलने और मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार से सोमवार तक अगले चार दिन राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है. अल्लूरी सीताराम राजू जिले में एक मंडल, अनाकापल्ली में 14, गुंटुरु तथा काकीनाडा में सात-सात और कृष्णा तथा एनटीआर में चार-चार मंडल में लू चलने के आसार हैं.
यहां हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
पश्चिमी हिमालय, दक्षिण तटीय कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना स्काईमेट वेदर ने व्यक्त की है.
झारखंड में बारिश के आसार
बढ़ती गर्मी के बीच शुक्रवार को झारखंड के लोगों को कुछ हद तक राहत मिली. बादल छाये रहने और हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचायी. इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गयी. मौसम विभाग की मानें, तो 27 अप्रैल तक राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, 25 अप्रैल तक तेज हवा चलने के कारण यलो अलर्ट जारी किया गया है.
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
स्काइमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए