Weather Forecast: यूपी में बारिश के आसार, जानिए झारखंड-बिहार सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल
Weather Forecast Updates: पश्चिमी विक्षोभ का असर देश के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है. स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, विक्षोभ के कारण गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर राजस्थान और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश संभव है. मौसम की ताजा जानकारी के लिए बने रहे प्रभात खबर के साथ..
मैदानी इलाकों में बारिश होने का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने कहा कि अगले सात दिनों के दौरान देश में लू की स्थिति रहने की संभावना नहीं है. 26 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में और 28 अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश होने का पूर्वानुमान है.
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश
स्काइमेट वेदर के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़, विदर्भ के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, मराठवाड़ा, उत्तराखंड और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश संभव है.
एक या दो स्थान पर मध्यम बारिश
स्काइमेट वेदर के अनुसार सिक्किम, ओडिशा और रायलसीमा में एक या दो स्थान पर मध्यम बारिश हो सकती है.
इन राज्यों में बारिश संभव
स्काइमेट वेदर के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु और केरल में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर तेज बारिश संभव है.
हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना
जयपुर मौसम केन्द्र के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 27-28 अप्रैल को आंधी-बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने तथा जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं धूल भरी आंधी (40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से), तेज हवाएं व हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है. अगले कुछ दिनों में वर्षा होने से 28 अप्रैल से राज्य के ज्यादातर भागों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी.
राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान जयपुर, दौसा, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़, गंगानगर और आसपास के क्षेत्र में आंधी चली और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई जिसके बाद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी. जयपुर मौसम केन्द्र के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने सोमवार को बताया कि आगामी दो-तीन दिन अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. उन्होंने बताया कि 26-27 अप्रैल को राज्य के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है जिसके फलस्वरूप 26 अप्रैल को दक्षिणी भागों (उदयपुर कोटा एवं आसपास स्थित जोधपुर संभाग के जिलों) में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, तेज हवाएं एवं हल्की बारिश की संभावना है.
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए