Weather Forecast: असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, बिहार में नदियां खतरे के निशान के करीब, उत्तराखंड में भारी बारिश
Weather Forecast/ File Photo
Weather Forecast: भारत के पूर्वी भागों में मूसलाधार बारिश होने से बिहार में कई स्थानों पर विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है और असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. यहां बाढ़ से 30 जिलों के 24.5 लाख लोग प्रभावित हैं.
Weather Forecast: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से बात की और कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल प्रभावित लोगों को बचाने और राहत प्रदान करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं. असम बाढ़ से जूझ रहा है और राज्य के 30 जिलों में 24.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं. कई स्थानों पर प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. कछार, कामरूप, धुबरी, नागांव, गोलपाड़ा, बारपेटा, डिब्रूगढ़, बोंगाईगांव, लखीमपुर, जोरहाट, कोकराझार, करीमगंज और तिनसुकिया प्रभावित जिलों में शामिल हैं. तीन जिलों कामरूप (महानगर), कामरूप और डिब्रूगढ़ के शहरी इलाकों में भी बाढ़ की खबर है.
उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी, चारधाम यात्रा स्थगित
उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए चारधाम यात्रा 7 जुलाई के लिए स्थगित कर दी गई है. गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं. भारी बारिश को लेकर राज्य में रेड अलर्ट जारी किया गया है. सरकार की ओर से भी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
इस साल बाढ़ में अब तक 52 लोगों की मौत
इस साल बाढ़ में अब तक 52 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि भूस्खलन और तूफान में 12 अन्य लोगों की जान जा चुकी है. ब्रह्मपुत्र नदी निमाटीघाट, गुवाहाटी, ग्वालपाड़ा और धुबरी में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. बराक नदी और इसकी सहायक नदियां भी कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में आई विनाशकारी बाढ़ से 114 जंगली जानवरों की मौत हो गई है, जबकि शनिवार तक 95 जानवरों को बचा लिया गया है.
बिहार में नदिंया उफान पर
बिहार में चार जुलाई से कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जिलों के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. राज्य के अधिकारियों ने बताया, राज्य के कुछ जिलों में लगातार बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं. पानी का बहाव बढ़ने से कई बांधों में पानी का स्तर भी बढ़ गया है. इसके अलावा नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भी कई जगहों पर नदियां खतरे के स्तर को छू रही हैं या उससे ऊपर बह रही हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि कोसी नदी सुपौल और उसके आसपास के क्षेत्र बसंतपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है जबकि शुक्रवार को खगड़िया और बेलदौर में यह चेतावनी के स्तर को छू गई. मधुबनी, जयनगर और झंझारपुर में कमला नदी चेतावनी स्तर को छू गई है. शुक्रवार को अररिया जिले में परमान नदी खतरे के निशान को पार कर गई. खगड़िया और बेलदौर में कोसी नदी खतरे के निशान के करीब है. गोपालगंज और सिधवलिया इलाके में गंडक नदी खतरे के निशान को पार कर गई है.
शिमला में मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है जिसमें कांगड़ा का धर्मशाला और पालमपुर शामिल है जहां 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई. आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार भारी बारिश के कारण 150 सड़कें अवरुद्ध हो गईं हैं. इनमें मंडी की 111, सिरमौर की 13, शिमला की नौ, चंबा और कुल्लू की आठ-आठ और कांगड़ा जिले की एक सड़क है. धर्मशाला में सबसे अधिक 214.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद पालमपुर (212.4 मिमी), जोगेंद्रनगर (169 मिमी) रहे. शिमला में मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी देते हुए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है.
राजस्थान में भी भारी बारिश
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान में बारां जिले के शाहाबाद में 24 घंटे की अवधि में 195 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य में भारी बारिश जारी है. जयपुर, बूंदी, कोटा, टोंक और बारां जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों समेत कई इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ के बावजूद राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (केएसएनडीएमसी) की होबलीवार वर्षा रिपोर्ट के मुताबिक कई क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










