10 साल की बच्ची की हत्या को तमिलनाडु के सीएम विजय ने बताया भयावह, जांच के आदेश दिए
Published by : Rajneesh Anand Updated At : 23 May 2026 6:04 PM
सीएम विजय
Tamil Nadu CM Vijay : तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक 10 साल की बच्ची का शव एक तालाब से बरामद किया गया है. बच्ची का शव बरामद होने से जहां स्थानीय लोग आंदोलन कर रहे हैं, वहीं विपक्ष विजय की नई सरकार पर हमला कर रहा है और उन्हें कठघरे में खड़ा कर रहा है.
Tamil Nadu CM Vijay : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने कोयंबटूर के सुलूर में 10 साल की एक बच्ची की हत्या को भयावह घटना बताया. विपक्ष के भारी विरोध के बाद सीएम विजय ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया. उन्होंने बच्ची के परिजनों के प्रति संवेदना भी जताई है.
सीएम विजय ने जांच के आदेश दिए
सीएम विजय ने सोशल मीडिया एक्स पर बच्ची के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है. उन्होंने कहा कि मैंने पुलिस को घटना की गहन और त्वरित जांच करके आरोपपत्र जल्द से जल्द दाखिल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है. उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.मुख्यमंत्री विजय ने कहा, कोयंबटूर में शुक्रवार को 10 वर्षीय एक बच्ची के साथ हुई भयावह घटना से गहरा दुख और सदमा पहुंचा है. हमारे समाज में ऐसे अमानवीय और अपराधों को कतई माफ नहीं किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऐसे जघन्य अपराध ना हों.
विपक्ष ने सरकार को घेरा
विजय के सीएम बनते ही एक ऐसी घटना हुई है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है.विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख एडप्पाडी के पलानीस्वामी समेत अन्य नेताओं ने इस मामले में न्याय की मांग की. द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि स्टालिन समेत कई नेताओं ने इस घटना की निंदा की और सरकार से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. उदयनिधि ने सोशल मीडिया पर कहा, इस जघन्य घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है. इस हत्या के लिए न्याय की मांग हर तरफ से उठ रही है. उन्होंने पीड़ित परिवार को द्रमुक की ओर से आश्वासन देते हुए आरोप लगाया कि नई सरकार के सत्ता में आने के मात्र 12 दिनों में यौन अपराध और गांजा तस्करी समेत 30 से अधिक गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं.
पलानीस्वामी ने कहा, यह बेहद दुखद है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बाध्य यह सरकार ऐसी जघन्य घटनाओं को रोकने में विफल रही है. उन्होंने एक्स पर कहा, घंटों चले विरोध प्रदर्शनों के बाद इस घटना के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया लेकिन एक निर्दोष बच्चे की जान बचाने में असमर्थता सरकार की लापरवाही को दर्शाती है.
ये भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा मौत मामले के आरोपी समर्थ सिंह को कोर्ट ने 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajneesh Anand
राजनीति,सामाजिक, इतिहास, खेल और महिला संबंधी विषयों पर गहन लेखन किया है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में रुचि. इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक. IM4Change, झारखंड सरकार तथा सेव द चिल्ड्रन के फेलो के रूप में कार्य किया है. पत्रकारिता के प्रति जुनून है. प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










