NEET विरोध प्रदर्शन पर विवादित बयान देने वाले मोहनदास गिरफ्तार, दंगा भड़काने सहित कई धारा लगे
NEET प्रदर्शन पर टिप्पणी के मामले में टी. जी. मोहनदास गिरफ्तार (Photo/X)
राजनीतिक टिप्पणीकार टी. जी. मोहनदास को NEET परीक्षा से जुड़े विरोध प्रदर्शन पर कथित विवादित टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. केरल पुलिस ने दंगा भड़काने सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
T.G. Mohandas Arrested: राइट विंग राजनीतिक टिप्पणीकार टी. जी. मोहनदास को नीट (NEET) परीक्षा से जुड़े विरोध प्रदर्शन पर कथित विवादित टिप्पणी करने के मामले में केरल पुलिस ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों के अनुसार, उन्हें रविवार को कोच्चि के कूवापदम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था. इसके बाद देर रात उन्हें तिरुवनंतपुरम स्थित साइबर पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां सोमवार को उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई.
पीटीआई के मुताबिक नई दिल्ली में नीट परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में हुए छात्र प्रदर्शन के बारे में कथित तौर पर यूट्यूब वीडियो में की गई टिप्पणियों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
वीडियो की सामग्री की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई हुई
दरअसल, पूरा मामला दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर टीजी मोहनदास की ओर से कथित तौर पर दिए गए बयानों से जुड़ा है. जिसे लेकर शिकायत दर्ज कराई गई. शिकायत के आधार पर तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. पुलिस का कहना है कि वीडियो की सामग्री की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की गई. हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक पूरे मामले के सभी साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किए हैं.
दंगा भड़काने सहित अन्य धराएं शामिल
केरल पुलिस ने इस मामले में 29 जुलाई को केस दर्ज किया था. पुलिस के मुताबिक, मोहनदास के खिलाफ चार धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें कथित तौर पर हिंसा या दंगा भड़काने से जुड़ी धाराएं भी शामिल हैं. जांच के दौरान पुलिस ने उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अपने कब्जे में लिया है, ताकि वीडियो और उससे जुड़े डिजिटल सबूतों की जांच की जा सके.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC गड़बड़ी के खिलाफ विद्यार्थियों का विधानसभा मार्च, तिरंगा लेकर निकले छात्र
सोशल मीडिया पर बयान की हुई काफी आलोचना
मामले में सबसे ज्यादा विवाद उनके उस कथित बयान को लेकर हुआ, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं और रेप को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई और छात्र संगठनों तथा राजनीतिक दलों की ओर से कार्रवाई की मांग उठी.
ये भी पढ़ें: CJI सूर्यकांत को मुख्य अतिथि बनाने के प्रस्ताव पर छात्रों की आपत्ति, यूनिवर्सिटी को लिखा ई-मेल
प्रदर्शनकारियों को गोली मार देने की कही थी बात
इसके अलावा एक दूसरे वीडियो को लेकर भी विवाद हुआ, जिसमें मोहनदास ने कथित तौर पर कहा था कि अगर वह प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने की स्थिति में होते तो उन्हें गोली मार देते. इन बयानों को लेकर पुलिस ने यह जांच शुरू की कि क्या उनके वीडियो से हिंसा भड़काने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश हुई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक कुमार गुप्ता
दीपक कुमार गुप्ता 'प्रभात खबर डिजिटल' में कंटेंट राइटर हैं. इससे पहले वे 'ईटीवी भारत' में करीब ढाई साल तक कार्यरत रहे. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 2021 से वे पत्रकारिता से जुड़े हैं और इस दौरान 'न्यूज प्लस', 'अंतर्कथा विजन न्यूज' और 'पब्लिक ऐप' के साथ भी काम कर चुके हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










