Rajya Sabha Election: हिमाचल में बीजेपी की बड़ी जीत, कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी हारे
Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 28 Feb 2024 7:20 AM
Rajya Sabha Election 2024: कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी की हार के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने कहा, 6 विधायकों ने अपना ईमान बेच दिया.
Rajya Sabha Election 2024:बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश राज्यसभा चुनाव जीत लिया है और कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी को करारी हार का सामना करना पड़ा. सिंघवी ने हार मानते हुए बीजेपी उम्मीदवार हर्ष महाजन को जीत की बधाई दी. मालूम हो राज्य से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए मतदान हुआ, जिसमें कांग्रेस के कुछ विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगा. मतों की गिनती के बाद कांग्रेस और बीजेपी के उम्मीदवारों को 34-34 वोट मिले. पर्ची के आधार पर जीत-हार की घोषणा की गई. मालूम हो विधानसभा में कांग्रेस के 40 विधायक हैं, जिसमें 6 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की.
Rajya Sabha Election 2024:जयराम ठाकुर ने हर्ष महाजन को बधाई दी
जीत की घोषणा होने से पहले ही बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश राज्यसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार की जीत का दावा कर दिया था. घोषणा से पहले ही शिमला में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन ने जीत की घोषणा कर दी और कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया. उन्होंने कहा, यह भाजपा की, नरेंद्र मोदी की, अमित शाह की जीत है. हिमाचल प्रदेश के विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने कहा, इतना भारी बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस राज्यसभा सीट हार गई. मैं हर्ष महाजन को एक बार फिर बधाई देता हूं.
6 विधायकों ने अपना ईमान बेच दिया
Rajya Sabha Election 2024: कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी की हार के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने कहा, 6 विधायकों ने अपना ईमान बेच दिया. हिमाचल की संस्कृति ऐसी नहीं रही है. उन्होंने कहा, 34 विधायकों ने इमानदारी का परिचय दिया.
हार के बाद अभिषेक मनु सिंघवी ने बीजेपी पर साधा निशाना
हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी ने चुनाव में मिली हार के बाद बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, सबसे पहले मैं हर्ष महाजन को हार्दिक बधाई देता हूं, उन्होंने जीत हासिल की है. वह बधाई के पात्र हैं. मैं उनकी पार्टी से कहना चाहूंगा, आत्मनिरीक्षण करें और सोचें. एक 25 सदस्यीय वाली पार्टी, 43 सदस्यीय वाली पार्टी के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करती है, तो उसका एक मात्र संदेश है – हम बेशर्मी से वह काम करेंगे जिसकी कानून अनुमति नहीं देता. उन्होंने कहा, अगर कुछ ही पल में कोई पाल बदल लेता है, तो यह हिमाचल प्रदेश की संस्कृति के खिलाफ है, अगर ये नये भारत का सोच है, तो मैं तो पुराने भारत को ही पसंद करूंगा. हमने हारते-हारते भी इतिहास बनाया है. इतिहास इसलिए क्योंकि काफी जद्दोजहद के बाद भी 34-34 का आंकड़ा आया.
अविश्वास प्रस्ताव पर बोले सुक्खू- जब विधानसभा सत्र शुरू होगा तब देखेंगे
बीजेपी द्वारा उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, जब विधानसभा सत्र शुरू होगा तब देखेंगे. जो लोग गए हैं (क्रॉस वोटिंग) उनसे उनके परिवार वाले पूछ रहे हैं कि आपने ऐसा क्यों किया. अगर परिवार उनसे पूछ रहे हैं, तो शायद उनमें से कुछ लोग ‘घर वापसी’ के बारे में सोचेंगे. मालूम हो हिमाचल प्रदेश विधानसभा के विपक्षी नेता जयराम ठाकुर ने साफ कहा था कि सुक्खू सरकार ने अपना बहुमत खो दिया है और बीजेपी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










