Rain Alert: अगले 7 दिनों तक 15 राज्यों में बारिश, गरज-चमक के साथ पड़ेंगे छींटे, 60 kmph की रफ्तार से चलेगी तेज हवा

Updated at : 02 Apr 2026 8:28 AM (IST)
विज्ञापन
Rain Alert

कई राज्यों में मौसम ले सकता है करवट, फोटो- आईएमडी

Rain Alert: दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी, जबकि दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक, बिजली, तेज हवाएं और बारिश हो सकती है.

विज्ञापन

Rain Alert: देश के कई हिस्सों में दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं. इसके कारण इस सप्ताह कई राज्यों में बारिश, बिजली और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 2 से 5 अप्रैल के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 2,3, 4 और 7 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं मध्य प्रदेश और विदर्भ समेत मध्य भारत के कई इलाकों में 6 अप्रैल तक गरज, बिजली के साथ बारिश की संभावना है. इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है. एक नजर डालते हैं देश भर में इस सप्ताह कैसा रहेगा मौसम का मिजाज.

जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक बारिश और बर्फबारी

मौसम विभाग का अनुमान है कि 2, 3, 4 और 7 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का नया दौर शुरू हो सकता है. वहीं 3 से 5 अप्रैल के दौरान उत्तराखंड में भी बारिश होगी, कहीं-कहीं बर्फबारी भी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 3 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, 3 और 4 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश और 4 अप्रैल को उत्तराखंड में ओलावृष्टि होने की भी संभावना है.

दिल्ली-यूपी-राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवा

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 3 और 4 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही कई इलाकों में तेज हवा चल सकती है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है. वहीं 3 से 5 अप्रैल के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश, 4 और 5 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवा का दौर दिख सकता है. 3, 4, 6 और 7 अप्रैल को राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवा चल सकती है. कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है.

असम मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत में बिगड़ा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 2 अप्रैल को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक, बिजली और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 4 और 5 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है. कई इलाकों में तेज हवा भी चल सकती है.

बंगाल बिहार झारखंड समेत कई राज्यों में मौसम की करवट

आईएमडी के मुताबिक 5 अप्रैल को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल के इलाकों में बारिश हो सकती है. 5 और 6 अप्रैल को बिहार, 4 और 5 अप्रैल को झारखंड और 2 से 5 अप्रैल के दौरान ओडिशा में गरज, बिजली कड़कने और तेज हवा चल सकती है. हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा से लेकर 60 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है. इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

मध्य प्रदेश और विदर्भ में तेज हवा के साथ बारिश

अगले 5 दिनों के दौरान मध्य भारत में गरज, बिजली कड़कने और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है. 2 और 3 अप्रैल को मध्य प्रदेश, 2 अप्रैल को विदर्भ में कुछ जगहों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले 5 दिन मौसम बदलेगा

अगले 5 दिनों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आंधी, बिजली कड़कने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. झोंकों के दौरान हवा की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 3 से 5 अप्रैल के दौरान केरल और माहे, 4 और 5 अप्रैल को रायलसीमा में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा 3 से 5 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश हो सकती है.

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola