राष्ट्रपति का देश के नाम संदेश, कहा- 2047 तक विकसित भारत के सपने को करेंगे साकार
देश को संबोधित करती राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 14 अगस्त को शाम 7 बजे 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगी. यह संबोधन हिंदी और अंग्रेजी में आकाशवाणी और दूरदर्शन पर प्रसारित होगा, जिसके बाद क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध होगा.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि शिक्षक, डॉक्टर, किसान और अन्य लोग अपने-अपने प्रयासों से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं. राष्ट्रपति ने कलाकारों, खिलाड़ियों, शिल्पकारों, बुद्धिजीवियों, निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और न्यायपालिका से जुड़े लोगों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि भारत में रहने वाले नागरिकों के साथ विदेशों में रह रहे भारतीय भी देश की प्रगति में भागीदार हैं.
उन्होंने ‘प्यारे देशवासियों’ के साथ अपना संबोधन शुरू किया. कहा कि स्वाधीनता के शताब्दी वर्ष 2047 तक के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
‘वयं राष्ट्रे जागृयाम’ का संदेश, आजादी के संघर्ष को किया याद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि ‘वयं राष्ट्रे जागृयाम’ का वेदवाक्य हमें हमेशा राष्ट्र के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में शामिल सभी लोगों का लक्ष्य एक था - भारत की आजादी. स्वदेशी आंदोलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ जन-जन का गीत बन गया था. उन्होंने महात्मा गांधी से जुड़े स्वतंत्रता सेनानियों और समाज सुधार में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के योगदान को भी याद किया.
विभाजन की त्रासदी को याद कर भावुक हुईं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने 14 अगस्त को मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिन उन लोगों को याद किया जाता है, जो विभाजन की त्रासदी में मारे गए या अपना घर छोड़ने को मजबूर हुए. सांप्रदायिक हिंसा के कारण लाखों लोग शरणार्थी बने, लेकिन इतनी यातना के बावजूद उन्होंने अपनी भारतीयता की पहचान नहीं छोड़ी.
550 से ज्यादा रियासतों को जोड़ना बड़ी चुनौती थी
उन्होंने कहा कि आजादी के समय देश 550 से ज्यादा रियासतों में बंटा हुआ था और उन्हें एक साथ लाना बड़ी चुनौती थी. रियासतों के विलय में सरदार वल्लभभाई पटेल की अहम भूमिका रही. राष्ट्रपति ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि आज देश संविधान के आधार पर आगे बढ़ रहा है और नागरिकों में जनभागीदारी की भावना भारत की ताकत रही है.
समान अवसर और गरिमा को बताया संविधान का मूल आदर्श
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि प्रतिष्ठा, अवसर की समानता और व्यक्ति की गरिमा संविधान के प्रमुख आदर्श हैं. आज यह विश्वास मजबूत हो रहा है कि हर व्यक्ति बड़े सपने देख सकता है और उन्हें पूरा भी कर सकता है. उन्होंने कहा कि अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति अवसरों से वंचित न रहे और खासकर वंचित वर्गों को समय पर सम्मान के साथ न्याय मिलना चाहिए.
ज्योतिबा फुले के योगदान को किया याद
राष्ट्रपति ने कहा कि देश महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती मना रहा है. उन्होंने महात्मा फुले और क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले के सामाजिक न्याय, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और समानता के लिए किए गए योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों के अनुरूप पिछले कुछ वर्षों में वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने को राष्ट्रीय प्राथमिकता दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








