ePaper

बाइडन परिवार PM Modi के लिए करेगा खास डिनर का आयोजन, प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे को लेकर आयी ये खास बात सामने

Updated at : 13 Jun 2023 1:46 PM (IST)
विज्ञापन
बाइडन परिवार PM Modi के लिए करेगा खास डिनर का आयोजन, प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे को लेकर आयी ये खास बात सामने

pm modi us visit : सैकड़ों भारतीय-अमेरिकियों ने 21 जून को मोदी का स्वागत करने के लिए व्हाइट हाउस के सामने लाफायेट स्क्वायर पार्क में एकत्र होने की योजना बनायी है. भारतीय-अमेरिकी समुदाय 23 जून को रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में प्रधानमंत्री के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेगा.

विज्ञापन

pm modi us visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे पर जाने वाले हैं जिसको लेकर तैयारियां जच रहीं हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए 21 जून को डिनर का आयोजन करेगा. इसके एक दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय-व्हाइट हाउस में राजकीय रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा. अमेरिका के एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की ओर से यह जानकारी सामने आ रही है.

आपको बता दें कि जो बाइडन और अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन ने मोदी को एक आधिकारिक राजकीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया है. इस हाई-प्रोफाइल यात्रा संबंधी योजना से अवगत एक अधिकारी ने बताया कि इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान 22 जून को साउथ लॉन्स में एक प्रभावशाली स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा और बाद में रात को यहीं पर राजकीय रात्रिभोज का आयोजन होगा, जिसमें मनोरंजन का विशेष प्रबंध किया जाएगा.

यात्रा संबंधी योजना से अवगत एक अधिकारी ने बताया कि व्हाइट हाउस के लॉन में बहुत महत्वपूर्ण स्वागत समारोह होगा. मुझे उम्मीद है कि एक रात पहले, प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति बाइडन एवं बाइडन परिवार को एक साथ बैठकर कुछ देर आत्मीयता के साथ बातचीत करने का अवसर मिलेगा. अभी यह नहीं बताया गया है कि इस रात्रिभोज का आयोजन कहां किया जाएगा. अमेरिका पहुंचने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे और इसके बाद वह वाशिंगटन डीसी पहुंचेंगे.

राजकीय भोज का आयोजन

अधिकारी ने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान 22 जून का दिन व्यस्त रहेगा और दिन के आखिर में राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा. इसके लिए व्हाइट हाउस के साउथ लॉन्स में तंबू लगाए जाने की संभावना है, ताकि इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथियों के लिए स्थान उपलब्ध कराया जा सके. अतिथियों की सूची आम तौर पर राजकीय भोज की शाम को जारी की जाती है. अनुमान है कि इस राजकीय भोज में उन लोगों को आमंत्रित किया गया है, जो अमेरिका और भारत के बीच संबंधों के हितधारक हैं.

भारत और अमेरिका के बीच संबंधों का जश्न

अधिकारी ने कहा कि मुझे लगता है कि राजकीय रात्रिभोज के दौरान भारत और अमेरिका के बीच संबंधों का जश्न मनाया जाएगा और इसमें भारत एवं अमेरिका भर से सहयोगी शामिल होंगे. यह बहुत लोकप्रिय आयोजन होगा. बमुश्किल ही कोई दिन जाता है, जब हमें राजकीय रात्रिभोज की आखिरी टिकटें खरीदने के लिए लोगों का अनुरोध नहीं मिलता हो. मुझे लगता है कि यह शानदार आयोजन रहेगा. अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि 23 जून को अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन प्रधानमंत्री मोदी के लिए विदेश मंत्रालय के ‘फॉगी बॉटम’ स्थित मुख्यालय में मध्याह्न भोजन की मेजबानी करेंगे.

कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे

अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक अत्यंत ठोस कार्यक्रम बनाने को कहा है और हमने यही किया है. हमने उनके लिए अधिक से अधिक कार्यक्रमों की योजना बनायी है जो कई मायनों में स्पष्ट करता है कि हम अमेरिका-भारत संबंधों को इतना महत्वपूर्ण क्यों समझते हैं. वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि व्हाइट हाउस रात्रिभोज और अन्य गतिविधियों के बारे में आगामी दिनों में जानकारी जारी करेगा.

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Agency is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola