संसद ठप: बाहर प्रदर्शन vs प्रदर्शन, मानसून सत्र बर्बाद करने का एक दूसरे पर लगा रहे आरोप

Updated:
विज्ञापन

संसद के बाहर प्रदर्शन करते सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद, फोटो- एएनआई

Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के अंतिम दिन भी सरकार और विपक्ष के बीच टकराव जारी रहा. मकर द्वार पर भाजपा और इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया. विपक्ष ने सरकार पर सदन नहीं चलने देने का आरोप लगाया, जबकि बीजेपी ने इसके लिए राहुल गांधी और विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया.

विज्ञापन

Parliament Monsoon Session: संसद परिसर के मकर द्वार की सीढ़ियों पर सरकार और विपक्षी इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया. भाजपा सांसदों ने झारखंड में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के मुद्दे पर कांग्रेस की कथित अनदेखी को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया. इसके जवाब में विपक्षी सांसद भी मकर द्वार पर विरोध करते नजर आए.

खिलौना बंदर लेकर विपक्ष का प्रदर्शन

विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा हाथ में खिलौना बंदर लिए नजर आए. टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा कि सदन चलाने की जिम्मेदारी विपक्ष की नहीं, बल्कि सरकार की है. उन्होंने कहा कि सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है.

'पेलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया?'

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने सरकार पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष गृह मंत्री का लंबा भाषण नहीं, बल्कि इस बात का स्पष्ट जवाब चाहता था कि पेलेट गन से फायरिंग का आदेश किसने दिया. उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह चर्चा के लिए तैयार थे तो पहले ही सदन में क्यों नहीं आए.

सदन चलाना हमारी जिम्मेदारी नहीं है, यह सरकार की जिम्मेदारी है. विपक्ष को समझाना और मनाना सरकार का काम है- कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला

सपा सांसद ने कहा- आखिरी दिन चर्चा की याद क्यों आई?

सपा सांसद जावेद अली खान ने भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर सरकार चर्चा के लिए तैयार है तो मंत्री का बयान कार्यसूची में शामिल किया जा सकता है. उन्होंने सवाल किया कि सत्र खत्म होने से कुछ घंटे पहले ही सरकार को चर्चा की जरूरत क्यों महसूस हुई. जावेद अली खान ने कहा कि अगर मंत्री बयान देना चाहते हैं तो उन्हें सदन में आकर जवाब और सफाई देनी चाहिए.

भाजपा ने राहुल गांधी को ठहराया जिम्मेदार

वहीं दूसरी ओर, बीजेपी सांसदों ने सदन नहीं चलने देने के लिए विपक्ष और राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सदन को अपनी मर्जी से चलाना चाहते हैं, जबकि संसद संसदीय व्यवस्था और नियमों के अनुसार चलती है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस गलतफहमी में हैं कि धर्मेंद्र प्रधान ने उनके कारण इस्तीफा दिया और अब वह अमित शाह तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी इसी तरह दबाव बनाने की सोच रहे हैं.

गिरिराज सिंह का विपक्ष पर हमला

गिरिराज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र किसी की निजी जागीर नहीं है और यह तय व्यवस्था के अनुसार चलता है. उन्होंने शाह बानो मामले का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और तीन तलाक, नागरिकता संशोधन कानून (CAA), अनुच्छेद 370 और 35A को लेकर केंद्र सरकार के फैसलों का भी जिक्र किया.

Also Read: Parliament Live: राज्यसभा में बोले खरगे, 'शुद्धिकरण' कर किया गया मेरा अपमान


विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola