Parliament: बोले रिजिजू- हंगामे की भेंट चढ़ा मानसून सत्र, 12 बिल पास, सिर्फ एक पर चर्चा
लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, फोटो- एएनआई
Parliament: लोकसभा और राज्यसभा अनिश्चिकाल के लिए स्थगित कर दी गई है. संसदीय कार्यमंत्री किरेन रीजीजू ने बताया कि मानसून सत्र में 12 विधेयक पारित हुए, लेकिन दोनों सदनों में केवल एक विधेयक पर चर्चा हो सकी. उन्होंने कहा कि लोकसभा की कार्य उत्पादकता 19 प्रतिशत और राज्यसभा की 39 प्रतिशत रही. संसद की हर खबर के लिए बने रहे Prabhat Khabar डॉट कॉम के साथ.
किरण रिजिजू ने कहा- चर्चा से भागता रहा विपक्ष
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही में सहयोग न करने का आरोप लगाया. रीजीजू ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन विपक्ष ने उसमें हिस्सा नहीं लिया. उन्होंने बताया कि मानसून सत्र में 12 विधेयक पारित हुए, जबकि केवल एक पर चर्चा हो सकी. लोकसभा की कार्य उत्पादकता 19 प्रतिशत और राज्यसभा की 39 प्रतिशत रही.
विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर की चाय पार्टी का किया बहिष्कार
लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद स्पीकर ओम बिरला की चाय पार्टी का कांग्रेस, सपा, टीएमसी समेत इंडिया गठबंधन के कई दलों ने बहिष्कार किया. हालांकि द्रमुक नेताओं ने इसमें हिस्सा लिया. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे. लोकसभा स्थगित होने के बाद स्पीकर की ओर से पारंपरिक चाय पार्टी आयोजित की जाती है, जिसमें सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष के प्रमुख नेताओं को भी आमंत्रित किया जाता है.
राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
लोकसभा के साथ-साथ राज्यसभा की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई है.
राज्यसभा में खरगे ने उठाया हल्द्वानी का मुद्दा
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी में अपने एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. खरगे ने कहा कि उन्होंने रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया था, जिसमें लाखों लोग मौजूद थे. अपने भाषण में उन्होंने किसी समुदाय या धर्म का नाम नहीं लिया और केवल सरकार से जुड़े मुद्दों को उठाया. इसके बावजूद, उनके भाषण के बाद बीजेपी के लोगों ने उसी मंच पर हवन कर उसका कथित तौर पर शुद्धिकरण किया. खरगे ने सवाल उठाया- क्या लोकतंत्र में यही तरीका है? आप संविधान की रक्षा कैसे कर रहे हैं? मैं नेता प्रतिपक्ष हूं.
हंगामे की भेंट चढ़ा संसद का मानसून सत्र
संसद का मानसून सत्र लगातार हंगामे और विपक्ष के विरोध के बीच खत्म हो गया. लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है. मानसून सत्र के दौरान राम मंदिर चढ़ावा मामला, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई समेत कई और मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार टकराव देखने को मिला. कई बार सदन की कार्यवाही बाधित हुई और बैठकें स्थगित करनी पड़ीं. आखिरकार लोकसभा की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई.
केसी वेणुगोपाल का आरोप, चर्चा से बच रही सरकार
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने संसद में जारी गतिरोध के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को सदन में आकर जवाब देना चाहिए, लेकिन सरकार चर्चा से बच रही है. वेणुगोपाल ने कहा कि वह चर्चा के लिए तैयार हैं और सरकार के जवाब का भी इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री सदन में आने से बच रहे हैं. वेणुगोपाल ने कहा कि संसद की कार्यवाही बाधित होने की पूरी जिम्मेदारी सरकार की है. उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार के अलग-अलग एजेंडे हैं, लेकिन देश की जनता उन्हें पहले ही खारिज कर चुकी है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए