1 लाख करोड़ का डिफेंस एग्रिमेंट: 60 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट खरीदेगा भारत; टाटा, महिंद्रा और HAL रेस में
ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट (फोटो : IAF)
भारतीय वायुसेना अपने पुराने ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट को बदलने की तैयारी में है. 1 लाख करोड़ रुपये की लागत से 60 नए मल्टीरोल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट खरीदे जाएंगे. इस डील में टाटा, महिंद्रा और HAL जैसी भारतीय कंपनियां प्रमुख भूमिका निभाएंगी.
भारतीय वायुसेना के पुराने पड़ चुके ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट बदलने की तैयारी तेज हो चुकी है. डिफेंस मिनिस्ट्री ने करीब 1 लाख करोड़ रुपये की लागत से 60 मल्टीरोल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट खरीदने के लिए टेंडर जारी किया है. इस बड़े डिफेंस एग्रिमेंट में मुख्य रूप से भारतीय कंपनियां रहेंगी. जिनमें टाटा, महिन्द्रा और हिंदुस्तान एरॉनोटिक्स लिमिटेड (HAL) समेत कई कंपनियां रेस में बताई जा रही हैं.
टाटा और महिन्द्रा ने विदेशी कंपनियों से मिलाया हाथ
डिफेंस अधिकारियों के मुताबिक, महिंद्रा डिफेंस ने ब्राजील की एंब्रायर (Embraer) के साथ साझेदारी की है और वह C-390 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान की पेशकश करेगी. वहीं टाटा ने अमेरिकी कंपनी लॉखिड मार्टिन के साथ हाथ मिलाया है और वह C-130 विमान के लिए बोली लगाएगी. C-130J Super Hercules पहले से ही भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल है और इसका इस्तेमाल विशेष अभियानों में किया जाता है.
ज्यादातर विमान भारत में ही बनेंगे
इस कार्यक्रम में करीब 20 फीसदी विमान तैयार हालत में सीधे भारतीय वायुसेना को दिए जाएंगे, जबकि बाकी विमानों का निर्माण भारत में किया जाएगा. इन विमानों में 60 फीसदी से ज्यादा स्वदेशी सामग्री इस्तेमाल करने का लक्ष्य रखा गया है.
विमानों का निर्माण भारतीय कंपनियों और मूल विमान निर्माता कंपनियों के बीच संयुक्त उपक्रमों के जरिए भारत में किया जाएगा. इससे देश में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय सप्लाई चेन और तकनीकी क्षमता को भी मजबूत करने की उम्मीद है.
पहले से C-130 और C-295 पर काम कर रही वायुसेना
भारतीय वायुसेना के पास अभी 12 C-130J Super Hercules विमान हैं. इसके अलावा वायुसेना Airbus के साथ C-295 ट्रांसपोर्ट विमान कार्यक्रम पर भी काम कर रही है. करीब 70 C-295 विमानों को वायुसेना में शामिल किया जाना है, जिनमें बड़ी संख्या में विमानों का निर्माण भारत में किया जाएगा.
सिर्फ सैनिकों को ढोने तक सीमित नहीं होंगे ये विमान
नए मल्टीरोल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल केवल सैनिकों और सैन्य सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए नहीं होगा. जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल हवाई ईंधन भरने वाले टैंकर के तौर पर भी किया जा सकता है.
इसके अलावा युद्ध या आपात स्थिति में भारी उपकरणों और सैनिकों को तेजी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में भी इन विमानों की अहम भूमिका होगी.
भारतीय वायुसेना पहले ही अपने आधुनिकीकरण अभियान के तहत 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए टेंडर जारी कर चुकी है. साथ ही पुराने Hawk ट्रेनर विमानों को बदलने और पायलटों की ट्रेनिंग क्षमता बढ़ाने के लिए 100 से ज्यादा नए ट्रेनर विमान शामिल करने की योजना पर भी काम चल रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










