Video: संसद के मकर द्वार पर विपक्ष का प्रदर्शन, अमित शाह जवाब दो के लगे नारे

Updated:
विज्ञापन

संसद के मकर द्वार के सामने विपक्षी नेताओं का प्रदर्शन, फोटो- एएनआई

संसद के मानसून सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो गया है. राम मंदिर में दान की कथित गड़बड़ी और छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी सांसदों ने मकर द्वार पर प्रदर्शन किया और गृह मंत्री अमित शाह से संसद में जवाब देने की मांग की.

विज्ञापन

संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार (7 अगस्त) को विपक्षी सांसदों ने संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. सांसदों ने अयोध्या के राम मंदिर में दान की चोरी और छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा. बारिश के बीच सांसद हाथों में तख्तियां और छाते लेकर संसद के मकर द्वार के सामने जुटे रहे. इस दौरान उन्होंने अमित शाह जवाब दो के नारे भी लगाए.

छात्र प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया

विपक्ष 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर लगातार सरकार को घेर रहा है. विपक्षी सांसदों की मांग है कि गृह मंत्री अमित शाह संसद में आकर इस मामले पर बयान दें. कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार को छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई पर जवाब देना चाहिए.

अगर सरकार युवाओं के प्रति गंभीर है तो गृह मंत्री को संसद में आकर छात्रों से माफी मांगनी चाहिए. छात्रों के खिलाफ कथित ज्यादतियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए. केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस सांसद

राम मंदिर में दान के कथित गबन पर चर्चा की मांग

केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस भी दिया. इसमें अयोध्या के राम मंदिर में सार्वजनिक दान से जुड़ी कथित वित्तीय गड़बड़ी पर तत्काल चर्चा की मांग की गई. अपने नोटिस में उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए नकद और कीमती सामान के कथित गबन से जुड़े गंभीर मामले सामने आए हैं. उन्होंने कहा कि इन आरोपों की गंभीरता को देखते हुए संसद में इस पर चर्चा होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए.

मानसून सत्र में लगातार हंगामा

मानसून सत्र के पिछले दो हफ्तों में विपक्ष के विरोध के कारण संसद की कार्यवाही कई बार बाधित हुई है. विपक्ष छात्र प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई और दूसरे मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांग रहा है. सांसदों का कहना है कि जब तक सरकार इन मुद्दों पर जवाब नहीं देती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.

Also Read: राहुल गांधी के आवास के बाहर प्रदर्शन, साधुओं समेत कई प्रदर्शनकारी हिरासत में


विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola