Breaking News LIVE : कर्नाटक विधान परिषद की तीन सीटों के लिए उपचुनाव 30 जून को
Breaking News Today LIVE Updates 6 June 2023: ओडिशा रेल हादसे में मरने वाले 278 लोगों में से 101 शवों की पहचान अभी नहीं हो पायी है. नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक पैन-इंडिया डार्क नेट ड्रग तस्करी कार्टेल का भंडाफोड़ किया है. ��ाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान ने कहा है कि उन्हें जेल में डाला जा सकता है. बिहार के भागलपुर में अगुवानी-सुल्तानगंज पुल के ढहने के मामले की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर पटना हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गयी है. देश और दुनिया की बड़ी खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ
मध्य प्रदेश में दलित व्यक्ति की बारात पर पथराव, 50 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक दलित व्यक्ति की बारात को लेकर हुए विवाद में कथित रूप से पथराव के मामले में 50 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार को बक्साहा थाना क्षेत्र के चौरई गांव में हुई, जब एक दलित व्यक्ति की बारात पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि पुलिस बल गांव पहुंचा और जुलूस एवं अन्य कार्यक्रम सुरक्षित तरीके से संपन्न हुए. अधिकारी ने कहा कि पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत 50 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
महाराष्ट्र के पालघर में दीवार गिरने से तीन महिलाओं की मौत
महाराष्ट्र के पालघर जिले में मंगलवार दोपहर एक निर्माणाधीन दीवार गिरने से तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई. एक अधिकारी ने कहा कि यह घटना विरार इलाके के मनवेलपाड़ा में एक निर्माण स्थल पर अपराह्न करीब चार बजे हुई. उन्होंने कहा कि महिलाओं को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने भर्ती करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान शौबाई सुले (45), लक्ष्मी घवणे (45) और राधा नवघरे (40) के रूप में हुई है. अधिकारी ने कहा कि इस घटना में एक अन्य महिला घायल हो गई और उसका इलाज जारी है. विरार पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कर्नाटक विधान परिषद की तीन सीटों के लिए उपचुनाव 30 जून को
निर्वाचन आयोग कर्नाटक विधान परिषद की तीन सीटों पर 30 जून को उपचुनाव कराएगा. ये सीटें हाल में हुए विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सदस्यों के इस्तीफे के कारण खाली हुई हैं. आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि बाबूराव चिंचनसुर, आर शंकर और लक्ष्मण सावदी के इस्तीफों के कारण विधान परिषद की सीटें खाली हुई हैं. तीनों ने विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन सिर्फ सावदी जीते सके, जबकि गुरमीतकाल से कांग्रेस के उम्मीदवार चिंचनसुर और रानीबेन्नूर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार आर शंकर हार गए. अधिसूचना 13 जून को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 जून है. नामांकन पत्रों की जांच 21 जून को होगी, जबकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 23 जून है. मतदान 30 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जिसमें विधानसभा के सदस्य हिस्सा लेंगे. मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे होगी.
हैती में 4.9 तीव्रता का भूकंप, तीन लोगों की मौत
कैरेबियाई देश हैती में मंगलवार तड़के 4.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग के अनुसार, भूकंप के ये झटके दक्षिणी तटीय शहर जेरेमी के पास महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र सतह से छह मील (10 किलोमीटर) की गहराई में स्थित था. जेरेमी में विश्व खाद्य कार्यक्रम के एक अधिकारी एरिक मपिताबकाना ने एसोसिएटेड प्रेस से फोन पर कहा कि मुझे लगा कि पूरा घर मेरे ऊपर गिर जाएगा. जेरेमी में हैती की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अधिकारी फ्रैंकेल मैजिनेयर ने एपी को बताया कि तीन लोगों के शव एक ढहे हुए मकान के मलबे में दबे मिले जहां पर बचावकर्ता और लोगों की तलाश कर रहे हैं.
रूस के मगदान में एयर इंडिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
एयर इंडिया का एक विमान की तकनीकी खराबी की वजह से रूस के मगदान में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को एयर इंडिया के एक विमान को इंजन में खराबी के कारण रूस के मगदान की ओर मोड़ दिया गया. विमान रूस में सुरक्षित उतरात. उन्होंने कहा कि दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की उड़ान एआई173 में इसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई. विमान में सवार 216 यात्रियों और 16 चालक दल के साथ उड़ान को डायवर्ट किया गया और रूस के मगदान हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतारा गया. यात्रियों को सभी सहायता प्रदान की जा रही है और जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक विकल्प प्रदान किए जाएंगे. विमान की जरूरी जांच शुरू कर दी गई है.
सचिन पायलट 11 जून को नई पार्टी का करेंगे ऐलान, एसएस रंधावा ने कहा- पता नहीं
राजस्थान के लिए सचिन पायलट की ओर से 11 जून को नई पार्टी की घोषणा करने की संभावना की खबरों पर राजस्थान कांग्रेस पार्टी प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि मैं यह आपसे सुन रहा हूं. मुझे लगता है कि ऐसा कुछ नहीं है. वे पहले भी नहीं चाहते थे और न ही अभी चाहते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए