महाराष्ट्र की राजनीति में आया तूफान, छगन भुजबल ने शिंदे की सरकार से दिया इस्तीफा, बताई ये वजह
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 04 Feb 2024 9:20 AM
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता छगन भुजबल येवला विधानसभा सीट से विधायक हैं. छगन भुजबल ने शिंदे की सरकार से इस्तीफा देकर हलचल मचा दी है. जानें वजह
Chhagan Bhujbal: महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जी हां…उन्होंने खुद खुलासा किया है कि पिछले नवंबर में राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा वे दे चुके हैं. उन्होंने अपनी ही सरकार पर पिछले दरवाजे से मराठा समुदाय को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कोटा में आरक्षण देने का आरोप लगाने का काम किया है. खबरों की मानें तो 16 नवंबर को ही अपने पद से इस्तीफा उन्होंने दे दिया था.
क्या कहा छगन भुजबल ने
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने एक रैली को संबोधित करते हुए अपनी बातों को दोहराया और कहा कि वह मराठा समुदाय को आरक्षण देने के विरोध में नहीं हैं, लेकिन मौजूदा ओबीसी कोटा साझा करने के खिलाफ हैं. वह अजित पवार-नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सदस्य हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष के कई नेता और यहां तक कि मेरी सरकार के नेता भी कहते हैं कि मुझे इस्तीफा दे देना चाहिए. किसी ने कहा कि भुजबल को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए. मैं विपक्ष, सरकार और अपनी पार्टी के नेताओं को बताना चाहता हूं कि 17 नवंबर को अंबाड में आयोजित ओबीसी एल्गार रैली से पहले, मैंने 16 नवंबर को मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था और तत्पश्चात उस कार्यक्रम में भाग लेने गया.
आगे भुजबल ने कहा कि वह दो महीने से अधिक समय तक चुप रहे, क्योंकि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने उन्हें इस बारे में नहीं बोलने के लिए कहा था. वरिष्ठ ओबीसी नेता ने कहा कि बर्खास्त करने की कोई जरूरत नहीं है. मैंने अपना इस्तीफा दे दिया है. मैं अंत तक ओबीसी के लिए लड़ूंगा. भुजबल की टिप्पणी कुछ वर्गों की ओर से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री पद से उनके इस्तीफे की मांग की पृष्ठभूमि में आई है, क्योंकि वह मराठा आरक्षण की मांग से निपटने के तरीके को लेकर राज्य सरकार की आलोचना करते रहे हैं.
छगन भुजबल के बारे में जानें खास बातें
-
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता छगन भुजबल येवला विधानसभा सीट से विधायक हैं.
-
छगन भुजबल का जन्म 15 अक्टूबर 1947 में हुआ था और 1960 के दशक में शिवसेना से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की.
-
राजनीति में प्रवेश करने से पहले छगन भुजबल महाराष्ट्र के बायकुला मार्केट में एक सब्जी विक्रेता का काम करके जीवनयापन करते थे.
-
छगन भुजबल ने मुंबई के वीजेटीआई से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है.
-
शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे से छगन भुजबल बहुत प्रभावित थे जिसकी वजह से उन्होंने शिवसेना पार्टी का दामन थामा.
-
1985 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद बाला साहब ने उन्हें मुंबई महानगरपालिका के मेयर की जिम्मेदारी थमाई.
-
छगन भुजबल ने 1991 में शिवसेना छोड़कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस यानी एनसीपी का दामन थाम लिया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










