बुआ-दादी की पार्टी में लौटे ज्यातिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस का 18 साल का साथ छोड़ा, जानें पूरा प्रोफाइल

JyotiradityaMScindia : ज्योतिरादित्य के कांग्रेस छोड़ने और पार्टी के 22 विधायकों के इस्तीफे से राज्य की 15 माह पुरानी कमलनाथ सरकार गिरने के कगार पर पहुंच गई है.
नयी दिल्ली : ग्वालियर राजघराने से ताल्लुक रखने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार 11 मार्च को कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये. सिंधिया ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा. सिंधिया का भाजपा में शामिल होना दादी विजयराजे सिंधिया के नक्शे कदम पर चलते हुए ‘घर वापसी’ जैसा है.
भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा, कांग्रेस अब पहले वाली पार्टी नहीं रही. उन्होंने मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा, राज्य में किसान त्रस्त हैं और युवाओं के पास रोजगार की समस्या है.
ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता ने भी जनसंघ से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी. नाटकीय घटनाक्रम में सिंधिया (49) का इस्तीफा आना कांग्रेस के अंदर प्रौढ़ एवं युवा नेता के बीच सत्ता संघर्ष के दौरान पार्टी के अपना घर संभाल पाने में नाकाम रहने को दर्शाता है.
ज्योतिरादित्य का मानना है कि वह कांग्रेस में जिस चीज के हकदार थे उन्हें वह नहीं मिला. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे अपने इस्तीफा पत्र में कहा, इसलिए, अब मेरे लिए आगे बढ़ने का वक्त आ गया है. उनका इस्तीफा ऐसे वक्त आया है जब उनके दिवंगत पिता माधवराव सिंधिया की 75 वीं जयंती है.
माधवराव सिंधिया ने अपना संगठन बनाने के लिए 1996 में कांग्रेस छोड़ दी थी. कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक ज्योतिरादित्य का इस्तीफा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक है. मंगलवार सुबह जब पूरा देश होली का जश्न मना रहा था, तभी उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात की.
मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रहे राजनीतिक घमासान के बीच ज्योतिरादित्य के कांग्रेस छोड़ने और पार्टी के 22 विधायकों के इस्तीफे से राज्य की 15 माह पुरानी कमलनाथ सरकार गिरने के कगार पर पहुंच गई है.
सिंधिया ने कांग्रेस अध्यक्ष को मंगलवार को लिखे पत्र में कहा है कि आज के घटनाक्रम की पृष्ठभूमि पिछले एक साल से तैयार हो रही थी. राज्य के गुना से चार बार सांसद रहे सिंधिया ने कहा कि उन्हें 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के जीत हासिल करने के बाद उनका वाजिब हक–मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री पद–नहीं दिया गया.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के लंबे समय तक सहयोगी रहे सिंधिया का इस्तीफा कांग्रेस के अंदर मौजूदा शक्ति समीकरण को बदलने वाला है. कांग्रेस में कई युवा नेता नेतृत्व की भूमिका मिलने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन दिग्गज नेता खुद को काबिज रखते हुए उनके लिए बहुत कम गुंजाइश छोड़ रहे हैं. सिंधिया के वफादार कार्यकर्ताओं ने इस बात का जिक्र किया कि उन्होंने कांग्रेस को झटका देकर और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ तथा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नियंत्रण से बाहर निकलते हुए अपने पिता के अपमान का बदला लिया. ये दोनों नेता माधवराव सिंधिया के वक्त में राजनीतिक रूप से सक्रिय थे.
ज्योतिरादित्य की बुआ वसुंधरा राजे (राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री) और यशोधरा राजे सिंधिया (पूर्व मंत्री) सहित समूचा ग्वालियर शाही परिवार अब भाजपा के खेमे में हैं. यशोधरा राजे सिंधिया ने मंगलवार को कहा, उनके (ज्योतिरादित्य के) लिए यह घर वापसी जैसा है.
कांग्रेस के पूर्व सांसद और 16 वीं लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रहे ज्योतिरादित्य ने लंबे समय तक अपने खुद के राजनीतिक मार्ग का अनुसरण किया. उनकी दिवंगत दादी विजय राजे सिंधिया 1967 में जनसंघ की संस्थापक रही थीं. उनके पिता ने 1980 में कांग्रेस में शामिल होने से पहले 1971 में जनसंघ से राजनीति में पदार्पण किया था. बाद में, माधवराव ने 1996 में संक्षिप्त अवधि के लिए कांग्रेस छोड़ी और बाद में उन्हें शामिल होने के लिए मना लिया गया.
माधवराव जिस तरह से राजीव गांधी के विश्वस्त रहे थे, ठीक उसी तरह ज्योतिरादित्य भी राहुल गांधी के सहयोगी थे. हालांकि, दिवंगत माधवराव 1971 से कभी चुनाव नहीं हारे, जबकि उनके बेटे ज्योतिरादित्य इस परंपरा को कायम नहीं रख सके और 2019 के आम चुनाव में गुना सीट पर अपने एक पूर्व सहयोगी से हार गये.
मध्य प्रदेश में राजनीतिक रूप से मुख्यमंत्री कमलनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा दरकिनार किये जाने के बाद ज्योतिरादित्य ने कुछ महीने पहले अपने ट्विटर प्रोफाइल से कांग्रेस का उल्लेख हटा दिया. पार्टी के अंदर के लोगों का कहना है कि सिंधिया ने महसूस किया कि राहुल गांधी ने उन्हें निराश किया उन्होंने अपने विश्वस्त (ज्योतिरादित्य) को मुख्यमंत्री बनाने पर जोर नहीं दिया. यहां तक कि बाद में भी, सिंधिया को मप्र कांग्रेस प्रमुख भी नहीं बनाया गया और कमलनाथ ने यह पद अपने पास ही रखा.
उन्हें जनवरी 2019 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का महासचिव नामित किया गया था. लेकिन वह उप्र में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा एक पूरक भूमिका में ही थे. ज्योतिरादित्य 2002 में एक उपचुनाव जीत कर 2002 में गुना से पहली बार सांसद बने थे. उनके पिता की मृत्यु के बाद यह उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी थी. उस वक्त वह 31 साल के थे.
आगे चल कर वह 2007 में कांग्रेस नीत संप्रग-1 सरकार में संचार राज्य मंत्री बने. साल 2009 में वह वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री बने और 2012 में उन्हें संप्रग-2 में ऊर्जा राज्यमंत्री नियुक्त किया गया. साल 2014 के आम चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद सोनिया गांधी ने उन्हें लोकसभा में पार्टी का मुख्य सचेतक नियुक्त किया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरबिंद कुमार मिश्रा
अरबिंद कुमार मिश्रा मुख्यधारा की पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले एक वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में, वह प्रभात खबर डॉट कॉम (Prabhat Khabar) में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अरबिंद नेशनल, इंटरनेशनल और स्पोर्ट्स कैटेगरी में अपनी लेखनी के लिए जाने जाते हैं. गहरी रिसर्च पर आधारित स्पेशल स्टोरीज, रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' लिखना उनकी मुख्य यूएसपी (USP) है.
झारखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं में उनकी गहरी रुचि है. अपनी उत्कृष्ट और सरोकार से जुड़ी रिपोर्टिंग के लिए उन्हें संस्थान स्तर पर कई बार सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जा चुका है.
करियर का सफरनामा
अरबिंद ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत देश की प्रतिष्ठित बहुभाषी न्यूज एजेंसी 'हिंदुस्थान समाचार' से बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद उन्होंने प्रसार भारती के अंग दूरदर्शन और आकाशवाणी के साथ भी काम किया, जहां उन्होंने एंकरिंग, वॉइस-ओवर और रिपोर्टिंग के गुर सीखे. साल 2011 में वह 'प्रभात खबर डॉट कॉम' से जुड़े और तब से लगातार डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
प्रमुख उपलब्धियां और ग्राउंड रिपोर्टिंग
खेल पत्रकारिता और जमीनी रिपोर्टिंग में अरबिंद का योगदान उल्लेखनीय रहा है. उनकी कुछ सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हैं:
34वें राष्ट्रीय खेल: झारखंड में आयोजित ऐतिहासिक 34वें नेशनल गेम्स की बेहतरीन और व्यापक ग्राउंड रिपोर्टिंग.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट: रांची के जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में आयोजित कई इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों को करीब से कवर किया.
पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप (2018): भुवनेश्वर में आयोजित वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले की शानदार स्पोर्ट्स रिपोर्टिंग.
पंचायतनामा: प्रभात खबर के इस खास विंग के लिए ग्रामीण इलाकों का दौरा कर कई प्रेरक 'सक्सेस स्टोरीज' लिखीं.
शैक्षणिक योग्यता (Education & Credentials)
UGC NET: साल 2019 में यूजीसी नेट (UGC NET) की परीक्षा उत्तीर्ण की.
बैचलर ऑफ जर्नलिज्म (BJMC): रांची विश्वविद्यालय से साल 2011 में पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की.
एम.ए. (नागपुरी भाषा): रांची विश्वविद्यालय के 'जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग' से साल 2009 में नागपुरी भाषा में स्नातकोत्तर (MA) की डिग्री हासिल की.
लेखन शैली और विशेषज्ञता: एक्सप्लेनर, रिसर्च बेस्ड स्टोरीज, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, इंटरनेशनल अफेयर्स और झारखंड की लोक-संस्कृति.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










