नौकरी और संपत्ति के लिए बेटी ने कराई मां की हत्या, खौफनाक साजिश का हुआ खुलासा

Updated:
विज्ञापन
बाएं मृतक और दाहिने आरोपी बेटी, फोटो एक्स

बाएं मृतक और दाहिने आरोपी बेटी, फोटो एक्स

Jaipur Murder Case: राजस्थान के जयपुर से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक 23 साल की युवती ने सरकारी नौकरी और संपत्ति हड़पने की खातिर अपनी ही सगी मां की सुपारी देकर हत्या करवा दी. वारदात को छुपाने के लिए इसे एक सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश करते हुए आरोपी बेटी और उसके ताऊ समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

Jaipur Murder Case: पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने पीटीआई को बताया, प्रताप नगर के रविंद्र नगर की रहने वाली नीरज शर्मा (45) को 3 जुलाई को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने कुचल दिया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन नीरज के भाई राकेश को अपनी भांजी पर शक हुआ. उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया. जब पुलिस ने बारीकी से जांच की, तो परतें खुलती चली गईं और साफ हो गया कि यह हादसा नहीं बल्कि एक सोची-समझी मर्डर मिस्ट्री थी.

हत्या की वजह: अनुकंपा नियुक्ति और जायदाद

पुलिस जांच और पूछताछ में जो सच सामने आया, वह हैरान करने वाला है. मृतका नीरज शर्मा के पति विजय कुमार शर्मा अदालत में कनिष्ठ लिपिक (LDC) थे. करीब एक साल पहले उनके निधन के बाद नियमों के तहत पत्नी नीरज को अनुकंपा नियुक्ति मिल गई थी. आरोपी बेटी आयुषी चाहती थी कि पिता की जगह वह नौकरी उसे मिले. जब मां इसके लिए तैयार नहीं हुई और खुद ड्यूटी पर जाने लगी, तो आयुषी उनसे रंजिश रखने लगी. नौकरी न मिलने से परेशान आयुषी ने अपनी मां को रास्ते से हटाने के लिए अपने ताऊ और उनके बेटे के साथ हाथ मिला लिया. इनका मकसद मां की हत्या कर अनुकंपा नौकरी हासिल करना और उनके नाम की पूरी जायदाद हड़पना था.

सुपारी देकर कराया एक्सीडेंट

योजना के तहत आरोपियों ने मां की हत्या के लिए अपराधियों को सुपारी दी. 3 जुलाई को जब नीरज शर्मा बाहर थीं, तो एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उन्हें टक्कर मार दी गई ताकि पुलिस इसे महज एक हिट-एंड-रन का केस समझे.

पुलिस ने आरोपी बेटी सहित 7 लोगों को किया गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बेटी आयुषी, उसके ताऊ और वारदात में शामिल अन्य सहयोगियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.


ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल : बारुईपुर दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस एनकाउंटर में मौत, मां ने शव लेने से किया इनकार


विज्ञापन
अरबिंद कुमार मिश्रा

लेखक के बारे में

By अरबिंद कुमार मिश्रा

मुख्यधारा की पत्रकारिता में 14 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. खेल जगत में मेरी रुचि है. वैसे, मैं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर काम करता हूं. झारखंड की संस्कृति में भी मेरी गहरी रुचि है. मैं पिछले 14 वर्षों से प्रभातखबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इस दौरान मुझे डिजिटल मीडिया में काम करने का काफी अनुभव प्राप्त हुआ है. फिलहाल मैं बतौर शिफ्ट इंचार्ज कार्यरत हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola