Aaj ka Mausam : दिल्ली के अलावा इन राज्यों में चलेगी शीतलहर, 5 जनवरी तक के लिए अलर्ट जारी
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 02 Jan 2026 7:14 AM
शीतलहर का अलर्ट जारी (Photo: PTI)
Aaj ka Mausam : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. इसके अलावा देश के कई अन्य राज्यों में मौसम में बदलाव देखा जा सकता है, कहीं ठंड बढ़ेगी तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
Aaj ka Mausam : मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 5 से 7 दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा के कई इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है. वहीं अगले 3 से 4 दिनों के दौरान जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है. विभाग के द्वारा लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में शीतलहर का अनुमान
मौसम विभाग ने दिल्ली में जारी कड़ाके की ठंड के बीच दो से पांच जनवरी के बीच कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने का अनुमान जताया. आईएमडी के अनुसार, शीतलहर तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य औसत तापमान से 4.5-6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर जाता है. कई स्थानों पर छह जनवरी तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
इन राज्यों में भी चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग ने कहा है कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में पांच जनवरी तक शीतलहर चलने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है. इसके अलावा 2 से 3 जनवरी के दौरान बिहार में भी कोल्ड डे रहने की आशंका जताई गई है.
कश्मीर में बर्फबारी
कश्मीर घाटी में नए साल की शुरुआत पर्यटन स्थलों और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी के साथ हुई. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, इसलिए कुछ जगहों पर हल्की बारिश या हिमपात हो सकता है. शुक्रवार को भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है.
यह भी पढ़ें : Rain Alert: इस साल जनवरी से मार्च के बीच बारिश का पूर्वानुमान, अगले 3 दिन कड़ाके की ठंड की चेतावनी
यहां बारिश और बर्फबारी होने की बहुत ज्यादा संभावना
2 जनवरी 2026 को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की बहुत ज्यादा संभावना है.
राजस्थान में ठंड बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान राजस्थान के बड़े हिस्से में घना और कहीं पर बहुत घना कोहरा छा सकता है जिससे कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी 100 मीटर से नीचे गिर सकती है. विभाग के अनुसार, कोहरे के प्रभाव के कारण दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. इसके अलावा, चार से छह जनवरी के बीच शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है और कुछ छिटपुट स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बन सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










