प्रधानमंत्री के जवाब के बिना लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पारित, जानिए सदन में दिन भर क्या-क्या हुआ

Published by : Pritish Sahay Updated At : 05 Feb 2026 6:22 PM

विज्ञापन

लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पारित

लोकसभा में बीते चार दिनों से गतिरोध जारी है. विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब के बिना ही गुरुवार को पारित कर दिया गया. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि बुधवार (4 फरवरी) को कांग्रेस के कुछ सांसद प्रधानमंत्री की सीट के पास पहुंच गए थे और किसी अप्रिय घटना की आशंका थी, इसी कारण उनके आग्रह पर प्रधानमंत्री सदन में उपस्थित नहीं हुए.

विज्ञापन

लोकसभा में बीते चार दिन से जारी गतिरोध गुरुवार को भी जारी रही. सदन में विपक्ष के हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब के बिना मंजूरी दे दी गई. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कल (4 फरवरी) कांग्रेस के कई सदस्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट के पास पहुंचकर किसी अप्रत्याशित घटना को अंजाम देना चाहते थे, इसलिए उनके अनुरोध पर प्रधानमंत्री सदन में नहीं आए. सदन की कार्यवाही तीन बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई.

सदन में होता रहा विपक्ष का हंगामा

संसद के दोनों सदनों की बैठक में 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर सोमवार को शुरू हुई चर्चा में भाग लेते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण के हवाले से चीन के साथ टकराव का मुद्दा उठाने का प्रयास किया, लेकिन अध्यक्ष मोम बिरला ने नियमों का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी. इस मुद्दे पर सदन में गतिरोध बीते चार दिनों से जारी है. बुधवार को आसन के पास कागज उछालने के मामले में कांग्रेस के आठ और एक माकपा सदस्य को संसद के वर्तमान सत्र की बची हुई अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया है.

स्पीकर ओम बिरला ने क्या कहा?

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कहा “सदन में कल जो घटना हुई, जिस तरह से विपक्ष के सदस्य सत्ता पक्ष की तरफ पहुंचे. यह सदन की मर्यादा के अनुकूल नहीं है. सदन की मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सबकी है.” इसके बाद, उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

ध्वनिमत से पारित हो गया धन्यवाद प्रस्ताव

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे दोबारा शुरू की गई. अध्यक्ष ओम बिरला ने आसन के समीप प्रदर्शन कर रहे विपक्ष के सांसदों को बैनर नहीं दिखाने को कहा. लेकिन विपक्षी सदस्य नहीं मानें तो शोर-शराबे के बीच ही उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को पारित करने के लिए सदन के साने रखा. हंगामे के बीच ही सदन ने ध्वनिमत से प्रस्ताव को पारित कर दिया.

विपक्षी सदस्यों ने की जमकर नारेबाजी

धन्यवाद प्रस्ताव पारित होने के बाद दोपहर 12 बजकर पांच मिनट पर सदन की बैठक दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई. दोपहर दो बजे कार्यवाही फिर शुरू होने पर विपक्षी सदस्य नारे लगाने लगे. पीठासीन सभापति संध्या राय ने कुछ मिनट बाद ही सदन की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी.  तीन बजे बैठक शुरू होने पर बिरला ने कहा ‘‘सदन के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर कल जवाब देना था. मेरे पास ऐसी पुख्ता जानकारी आई कि कांग्रेस पार्टी के कई सदस्य नेता सदन की सीट पर पहुंचकर किसी भी अप्रत्याशित घटना को अंजाम दे सकते थे. मैंने यह दृश्य सदन में देखा भी. अगर ऐसी घटना हो जाती तो यह अत्यंत अप्रिय दृश्य देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को तार-तार कर देता.” बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनके आग्रह पर बुधवार को सदन में नहीं आकर लोकसभा को अप्रिय दृश्य से बचाया और इसके लिए वह प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं.

दिनभर के लिए कर दी सदन की कार्यवाही स्थगित

स्पीकर ओम बिरला ने कहा “कल की घटना देश ने देखी है कि किस तरह महिला सदस्य प्रधानमंत्री के बैठने के स्थान तक पहुंची हैं. यह किसी तरह उचित नहीं था.” उन्होंने यह भी कहा कि बुधवार को विपक्ष के कुछ सदस्यों ने उनके चेंबर में आकर जिस तरह का व्यवहार किया, वैसा लोकसभा की शुरुआत से लेकर आज तक कभी नहीं हुआ और यह दृश्य एक ‘काले धब्बे’ की तरह था. इस दौरान कुछ विपक्षी सांसदों से नाराजगी जताते हुए बिरला ने कहा, ‘‘अगर आप पोस्टर और पैम्पलेट लेकर यहां आएंगे तो सदन नहीं चलेगा. आज भी नहीं चलेगा, कल भी नहीं चलेगा.’’ इसके बाद उन्होंने कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी. (भाषा इनपुट)

Also Read: क्या अब रूस की जगह वेनेजुएला से तेल खरीदेगा भारत? ट्रंप के दावे पर MEA की आई प्रतिक्रिया

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola