Breaking News: कोटक बैंक ने बचत खाते में 50 लाख रुपये से अधिक की जमा पर ब्याज दर 0.50 प्रतिशत बढ़ायी
Breaking News Today : पश्चिम बंगाल में बड़ा हादसा, कूचबिहार में निर्माणाधीन स्कूल बिल्डिंग गिरी. राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को, 29 जून तक नामांकन. पैगंबर मोहम्मद पर भाजपा नेता नूपुर शर्मा के विवादित बयान को विदेश मंत्रालय ने व्यक्ति विशेष का बयान करार दिया है. आप हमारे साथ बने रहें.
कोटक बैंक ने बचत खाते में 50 लाख रुपये से अधिक की जमा पर ब्याज दर 0.50 प्रतिशत बढ़ायी
निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक ने बचत खाते में 50 लाख रुपये से अधिक की जमा पर ब्याज दर 0.50 प्रतिशत बढ़ाकर चार प्रतिशत करने की घोषणा की है. एक दिन पहले ही रिजर्व बैंक ने नीतिगत दर रेपो को 0.50 प्रतिशत बढ़ाकर 4.9 प्रतिशत किया है. बैंक ने बयान में कहा कि मियादी जमा दरें भी 0.25 प्रतिशत तक बढ़ायी गयी है. बयान के अनुसार, बचत खाता में 50 लाख रुपये से अधिक के दैनिक शेष (बैलेंस) पर अब चार प्रतिशत का ब्याज दिया जायेगा. पहले यह दर 3.50 प्रतिशत थी. वहीं, 50 लाख रुपये से कम की जमा पर 3.50 प्रतिशत ब्याज दिया जायेगा.
अमेरिकी थलसेना के प्रशांत क्षेत्र के कमांडर नेपाल पहुंचे
अमेरिकी थलसेना के प्रशांत क्षेत्र के कमांडर जनरल चार्ल्स ए फ्लिन बृहस्पतिवार को चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा के लिये नेपाल पहुंचे, जहां वह देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ वार्ता करेंगे. नेपाली सेना के सूत्रों ने बताया कि उप थल सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बाल कृष्ण कार्की ने त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जनरल फ्लिन के आगमन पर उनका स्वागत किया. वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य अधिकारी नेपाल के चार दिवसीय दौरे पर हैं.
मुंबई में बिहार के श्रमिक की मौत, नीतीश ने किया अनुग्रह राशि देने का ऐलान
मुंबई के बांद्रा इलाके में तीन मजिली इमारत गिरने से बिहार के एक श्रमिक की मौत हो गयी. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतक के निकट परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.
पश्चिम बंगाल में बड़ा हादसा, कूचबिहार में निर्माणाधीन स्कूल बिल्डिंग गिरी
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में एक निर्माणाधीन स्कूल बिल्डिंग ढह गयी. हादसा कूचबिहार के खारिजा ककरीबाड़ी इलाके में हुआ. राहत एवं बचाव कार्य जारी है.
अरविंद केजरीवाल के साथ 11 जून को हिमाचल प्रदेश जायेंगे भगवंत मान
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 11 जून को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर जायेंगे. वहां दोनों नेता हमीरपुर में एक टाउन हॉल मीटिंग करेंगे, जिसमें स्थानीय लोगों को राज्य की शिक्षा व्यवस्था के बारे में बताया जायेगा. आम आदमी पार्टी ने यह जानकारी दी है.
विदेश मंत्रालय ने कहा- पैगंबर पर विवादित बयान सरकार के विचार नहीं
पैगंबर मोहम्मद पर भाजपा नेता नूपुर शर्मा के विवादित बयान को विदेश मंत्रालय ने व्यक्ति विशेष का बयान करार दिया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि जो विवादित बयान दिया गया, वह संबंधित व्यक्ति का बयान है. यह भारत सरकार का बयान नहीं है. उन्होंने कहा कि कतर और कुवैत को इस मामले में समुचित जवाब दिया गया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए