सांसद के बेटे ने एस्टन मार्टिन लग्जरी कार से महिला को कुचला, मौत, केस दर्ज

Updated:
विज्ञापन

हादसे के बाद एस्टन मार्टिन कार को पुलिस ने किया जब्त, फोटो- पीटीआई

आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश के बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. आरोप है कि उनकी लग्जरी एस्टन मार्टिन कार ने माधापुर में 26 साल की एक महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई.

विज्ञापन

हैदराबाद में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार की टक्कर से एक 26 साल की युवती की मौत हो गई है. पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को इनऑर्बिट मॉल के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार Aston Martin कार ने महिला को टक्कर मार दी थी. इस मामले में पुलिस ने जनसेना पार्टी के राज्यसभा सांसद लिंगामनेनी रमेश के बेटे लिंगामनेनी संजुश के खिलाफ मामला दर्ज किया है. उस पर लापरवाही और बहुत तेज स्पीड में गाड़ी चलाने का आरोप है.

विज्ञापन

इनऑर्बिट मॉल के सामने हुआ हादसा

मृतक महिला की पहचान भारती मुखी के रूप में हुई है. वह इनऑर्बिट मॉल के एक स्टोर में सेल्सवुमन के तौर पर काम करती थीं. माधापुर पुलिस स्टेशन के SHO केवी सुब्बाराव के मुताबिक- भारती अपने एक सहकर्मी के साथ दोपहर करीब 3 बजे ITC कोहिनूर की ओर खाना लेने गई थीं. वापस लौटते समय जब वह मॉल के सामने सड़क पार कर रही थीं, तभी कथित तौर पर तेज रफ्तार से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी.

सिर में लगी गंभीर चोट, अस्पताल में मौत

टक्कर के बाद भारती के सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा. उन्हें तुरंत जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

सांसद के बेटे की पहचान चालक के रूप में

जांच के दौरान पुलिस ने कार के कथित चालक की पहचान 21 साल के लिंगामनेनी संजुश के रूप में की. पुलिस के मुताबिक, संजुश जनसेना पार्टी के राज्यसभा सांसद और कारोबारी लिंगामनेनी रमेश के बेटे हैं.पुलिस ने संजुश को हादसे वाले दिन ही हिरासत में ले लिया. वह खुद भी व्यवसायी बताए गए हैं और माधापुर इलाके के रहने वाले हैं.

शराब और ड्रग्स की जांच के लिए भेजे गए सैंपल

पुलिस ने आरोपी का ड्रंक-ड्राइविंग और ड्रग टेस्ट कराया है. उसके ब्लड सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी भेजा गया है. हादसे में शामिल Aston Martin कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है. जांच के बाद ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति और साफ होगी.

Also Read: अलास्का में चार्टर प्लेन क्रैश, 8 लोगों थे सवार, रडार साइट के पास हुआ हादसा


विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola