ePaper

नूपुर शर्मा को क्यों बचा रही है भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी कानून को अपना काम करने दें, बोले AIMIM चीफ ओवैसी

Updated at : 02 Jul 2022 6:42 AM (IST)
विज्ञापन
नूपुर शर्मा को क्यों बचा रही है भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी कानून को अपना काम करने दें, बोले AIMIM चीफ ओवैसी

Asaduddin Owaisi on Nupur Sharma : नूपुर शर्मा को सुप्रीम कोर्ट से कड़ी फटकार लगी, तो एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी, भाजपा पर हमला बोल दिया. पूछा कि नूपुर शर्मा को भाजपा क्यों बचा रही है. उन्होंने पीएम मोदी से मांग की कि नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी हो. कानून को अपना काम करने दें.

विज्ञापन

Asaduddin Owaisi on Nupur Sharma: नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) के विवादास्पद बयान के लिए उनकी गिरफ्तारी की मांग तेज हो गयी है. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है. भाजपा को भी उन्होंने आड़े हाथ लिया है. असदुद्दीन ओवैसी ने पूछा है कि भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) नूपुर शर्मा को क्यों बचा रही है? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कानून को अपना काम करने दें. नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी होनी ही चाहिए.

नूपुर शर्मा को गिरफ्तार किया जाये

नूपुर शर्मा पर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के द्वारा की गयी कड़ी टिप्पणी के बाद AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और हमलावर हो गये. उन्होंने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग करता हूं कि नूपुर शर्मा को निश्चित तौर पर गिरफ्तार किया जाना चाहिए. प्रधानमंत्री कानून को अपना काम करने दें. भारतीय जनता पार्टी क्यों नूपुर शर्मा को बचा रही है?’ ओवैसी ने कहा कि गुजरात दंगों के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पीएम मोदी को क्लीन चिट दी, तो इसका श्रेय भाजपा ने लिया.

Also Read: नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट करने पर राजस्थान के उदयपुर में युवक की गला रेतकर हत्या, इंटरनेट सेवा बंद
सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा को लगायी है फटकार

AIMIM चीफ ओवैसी ने कहा कि जिस तरह से गुजरात दंगों के बारे में की गयी सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को भाजपा ने लिया, उसी तरह से उसे नूपुर शर्मा पर की गयी टिप्पणी को भी लेना चाहिए. निश्चित तौर पर नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी होनी चाहिए. बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को नूपुर शर्मा को जमकर फटकार लगायी. कोर्ट ने कहा कि आपकी वजह से देश का माहौल बिगड़ गया है. विदेशों में भारत की किरकिरी हो रही है. आपने माफी मांगने में काफी देर कर दी.


टीवी चैनल पर नूपुर शर्मा ने दिया था बयान

बता दें कि नूपुर शर्मा ने एक टीवी चैनल पर एक धर्म विशेष पर एक टिप्पणी की थी, जिसके बाद पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गये थे. नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने की वजह से राजस्थान के उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल तेली की गला काटकर हत्या कर दी गयी. नूपुर शर्मा के बयान के बाद इस्लामिक देशों में भारत के राजदूतों को बुलाकर आपत्ति जतायी गयी. हालांकि, भारतीय दूतावासों ने स्पष्ट कर दिया कि गलतबयानी करने वाले के खिलाफ पार्टी ने सख्त कार्रवाई की है.

Also Read: Nupur Sharma Controversy : नूपुर शर्मा की और बढ़ीं मुश्किलें, पटना में भी दर्ज हुआ मुकदमा, 20 को सुनवाई
राहत मांगने सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं थीं नूपुर शर्मा

यहां बताना प्रासंगिक होगा कि नूपुर शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट से राहत मांगी थी. उन्होंने अपील की थी कि उनके खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में मुकदमे दर्ज किये गये हैं. उन्हें जान से मारने और उनका बलात्कार करने की धमकियां दी जा रहीं हैं. इसलिए उनके खिलाफ जितने मुकदमे देश के अलग-अलग हिस्से में दर्ज कराये गये हैं, उनको दिल्ली ट्रांसफर कर दिया जाये. सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इंकार करते हुए जमकर फटकार लगायी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola